भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में अप्रत्याशित जीत दर्ज करने के बाद बीजेपी लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुट गई है। भाजपा ने लोकसभा चुनावों के लिए संगठन में कसावट शुरू कर दी है। पार्टी ने लोकसभा चुनाव को देखते हुए प्रदेश में चार जिला अध्यक्षों को बदल दिया है।

भारतीय जनता पार्टी ने बालाघाट, बुरहानपुर, रतलाम और छतरपुर जिलों में नए जिला अध्यक्षों की नियु्क्ति की है। बालाघाट का अध्यक्ष पूर्व मंत्री रामकिशोर कांवरे, बुरहानपुर का जिला अध्यक्ष मनोज माने, रतलाम का जिला अध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय और छतरपुर का जिला अध्यक्ष चंद्रभान सिंह को बनाया गया है। पार्टी के प्रदेश महासचिव भगवानदास सबनानी ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है। 

मध्य प्रदेश में बीजेपी ने एक महीने के भीतर ये दूसरा बड़ा बदलाव किया है। इसके पहले 13 जनवरी को बीजेपी ने चार जिलों के जिला अध्यक्ष की नियुक्ति की थी। तीन नए जिले मऊगंज, पांढुर्णा, मैहर के साथ-साथ बड़वानी में नए अध्यक्ष की नियुक्ति की गई थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक बीजेपी ने लोकसभा चुनाव में प्रदेश की सभी 29 सीटों पर जीत सुनिश्चित करने के लिए बिसात बिछाना शुरू कर दिया है। 

लोकसभा चुनाव के मद्देनजर संगठनात्मक मजबूती के लिए यह फैसला लिया है। प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा लगातार बैठकें कर रहे हैं। बता दें कि प्रदेश में कुल 29 लोकसभा सीटें हैं, जिनमें से 28 बीजेपी, जबकि एक (छिंदवाड़ा) पर कांग्रेस का कब्जा है। हालांकि, इस बार कांग्रेस भी मजबूती से चुनावी मैदान में उतरने वाली है। ऐसे में भाजपा के लिए राह आसान नहीं होगा।