भोपाल। मध्यप्रदेश में पुलिस विभाग में रविवार रात बड़ा प्रशासनिक बदलाव किया गया है। गृह विभाग ने 10 IPS अधिकारियों और राज्य पुलिस सेवा के 127 अधिकारियों समेत कुल 137 पुलिस अफसरों के तबादले किए हैं। सभी अधिकारियों को आगामी आदेश तक उनके नए पदस्थापना स्थल पर जिम्मेदारी संभालने के निर्देश दिए गए हैं।

तबादला सूची में 2023 बैच के चार और 2024 बैच के छह IPS अधिकारी शामिल हैं। अधिकारियों को अलग-अलग जिलों और नगरीय पुलिस इकाइयों में नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इस बदलाव में देवास, रीवा, इंदौर, भोपाल, रतलाम, जबलपुर, खंडवा और सिंगरौली समेत कई स्थानों के अधिकारी प्रभावित हुए हैं।

यह भी पढ़ें:भारत 8वीं बार बना विमेंस एशिया कप चैंपियन, श्रीलंका को 72 रन से दी करारी शिकस्त

नई पदस्थापना के तहत आलोक कुमार वर्मा को देवास से हटाकर रीवा का नगर पुलिस अधीक्षक (CSP) बनाया गया है। वहीं, मनीष भारद्वाज को साइबर पुलिस मुख्यालय से इंदौर नगरीय पुलिस में ACP कोतवाली की जिम्मेदारी दी गई है। मनोज कुमार को ACP एमपी नगर, नगरीय भोपाल के पद पर भेजा गया है। इसी तरह वैभव प्रिया को रतलाम से SDOP नेपानगर, शुभम सिंह ठाकुर को जबलपुर से SDOP गाडरवारा और अमित कुमार को खंडवा से SDOP सिंगरौली की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

IPS अधिकारियों के साथ राज्य पुलिस सेवा के 127 अधिकारियों का भी तबादला किया गया है। इस सूची में DSP स्तर के अधिकारियों की अलग-अलग पदों पर नियुक्तियां की गई हैं। इनमें उप पुलिस अधीक्षक, SDOP, नगर पुलिस अधीक्षक, सहायक पुलिस आयुक्त और सहायक सेनानी जैसे पद शामिल हैं।

यह भी पढ़ें:IND vs AFG: पहले टी20 में भारत ने दर्ज की जीत, अफगानिस्तान को 7 विकेट से हराया

तबादला आदेश में पुलिस मुख्यालय में तैनात कई अधिकारियों को मैदानी जिम्मेदारियां दी गई हैं। वहीं, अलग-अलग जिलों में कार्यरत SDOP और नगर पुलिस अधीक्षकों को भी दूसरी जगह भेजा गया है। सूची में प्रशिक्षु DSP और कार्यवाहक DSP स्तर के अधिकारी भी शामिल हैं।

गृह विभाग के आदेश के अनुसार, सभी 137 अधिकारियों की नई पदस्थापना आगामी आदेश तक प्रभावी रहेगी। तबादलों के बाद संबंधित अधिकारियों को नई जिम्मेदारी के अनुसार पदभार संभालना होगा।