नई दिल्ली/भोपाल। मंगलवार को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने आठ राज्यों को राज्यपाल बदल दिए। मंगुभाई पटेल को मध्यप्रदेश का नया राज्यपाल बनाया गया है। मध्यप्रदेश के पूर्व राज्यपाल लालजी टंडन की मृत्यु के बाद से ही प्रदेश का अतिरिक्त प्रभार उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल संभाल रही थीं। लेकिन अब राष्ट्रपति कोविंद ने मंगुभाई पटेल को मध्यप्रदेश की जिम्मेदारी सौंप दी है।



मंगुभाई पटेल गुजरात बीजेपी के नेता हैं। वे गुजरात विधानसभा के स्पीकर रह चुके हैं। स्पीकर रहने के साथ साथ मंगुभाई पटेल गुजरात सरकार में मंत्री भी रह चुके हैं। 



खरीद फरोख्त से बनी सरकार को राजधर्म का पालन कराएं मंगुभाई 





राज्यपाल नियुक्त होने पर मंगुभाई पटेल को बधाइयां मिलनी शुरु हो गई हैं। इसी बीच मध्यप्रदेश कांग्रेस ने अपने ट्विटर हैंडल पर कहा है कि हमें उम्मीद है कि मंगुभाई खरीद फरोख्त से बनी मध्यप्रदेश सरकार को राजधर्म का पालन करने के लिए प्रेरित करेंगे। एमपी कांग्रेस ने अपने ट्विटर हैंडल पर लिखा, 'श्री मंगूभाई छगनभाई पटेल को मध्यप्रदेश का राज्यपाल नियुक्त किये जाने पर शुभकामनाएँ।आशा है आप मध्यप्रदेश में लोकतंत्र एवं संविधान की रक्षा के लिये कड़े कदम उठाते हुये खरीद-फ़रोख़्त से बनी सरकार को राजधर्म के लिये प्रेरित करेंगे।'





वहीं कांग्रेस प्रवक्ता नरेंद्र सलूजा ने मंगुभाई की नियुक्ति के बहाने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर तंज कसा है। मुख्यमंत्री शिवराज की प्रधानमंत्री के साथ हुई हालिया मुलाक़ात और नए राज्यपाल के साथ प्रधानमंत्री मोदी की पुरानी तस्वीर को साझा करते हुए नरेंद्र सलूजा ने कहा है कि गुजरात के श्री मंगू भाई पटेल मध्यप्रदेश के राज्यपाल बने , उन्हें बहुत-बहुत बधाई…मोदी जी के करीबी रहे मंगू भाई अब प्रदेश में महत्वपूर्ण ज़िम्मेदारी व  दायित्व निभाएँगे…

 



थावरचंद गहलोत कर्नाटक के राज्यपाल बने 





केंद्रीय मंत्री थावरचंद गहलोत को कर्नाटक का राज्यपाल बनाया गया है। 73 वर्षीय थावरचंद गहलोत मोदी सरकार में सामाजिक न्याय मंत्री का पदभार संभाल रहे थे। थावरचंद गहलोत के राज्यपाल बनने से मोदी कैबिनेट में एमपी कोटे से एक सीट खाली हो गई है। चर्चा है कि इसी रिक्त जगह पर सिंधिया को मोदी मंत्रिमंडल में एडजस्ट किया जाएगा। 



मध्यप्रदेश और कर्नाटक के साथ साथ राजस्थान, हरियाणा, गोवा, मिजरोम, हिमाचल प्रदेश और त्रिपुरा के राज्यपाल बदले गए हैं। रमेश बैस को राजस्थान, सत्येंद्र नारायण आर्य को त्रिपुरा, हरिबाबू कंभमपति को मिजोरम, बंडारू दत्तात्रेय को हरियाणा, राजेंद्र विश्वनाथ अरलेकर को हिमाचल प्रदेश और श्रीधरन पिल्लई को गोवा का राज्यपाल बनाया गया है।