सतना| जिले के रामपुर बघेलान थाना क्षेत्र स्थित ओढ़की टोल प्लाजा पर बुधवार शाम करीब साढ़े सात बजे दो दर्जन से अधिक नकाबपोश बदमाशों ने हमला कर दिया। यह हमला टोल टैक्स को लेकर हुए विवाद के बाद हुआ। मिली जानकारी के अनुसार, कुछ लोग कार से टोल प्लाजा पहुंचे और टैक्स दिए बिना आगे बढ़ने की जिद करने लगे। कर्मचारियों के विरोध करने पर बहस हुई, लेकिन अंततः वे टैक्स देकर चले गए। करीब एक घंटे बाद 15 मोटरसाइकिलों पर सवार 24 से ज्यादा नकाबपोश लोग हथियारों के साथ लौटे और प्लाजा पर हमला बोल दिया।

बदमाशों ने टोल कर्मचारियों के साथ मारपीट की, कार्यालय और केबिन में तोड़फोड़ की और कंप्यूटर समेत अन्य उपकरणों को नुकसान पहुंचाया। कर्मचारियों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया, जिसमें करीब एक दर्जन लोग घायल हो गए। घटना का वीडियो सामने आया है और यह पूरी वारदात टोल प्लाजा के सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है।

यह भी पढे़ं: ड्रेस और स्टेशनरी के नाम पर करोड़ों की लूट, भोपाल में निजी स्कूलों की मनमानी के खिलाफ कांग्रेस नेता ने खोला मोर्चा

हमलावर बिना नंबर की बाइकों पर सवार होकर भाग निकले। टोल प्लाजा मैनेजर जितेंद्र सिंह ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। टीआई संदीप चतुर्वेदी ने बताया कि कुछ संदिग्धों की पहचान की गई है, जो त्योंधरी और अहिरगांव क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। हालांकि, सभी आरोपी नकाबपोश थे, इसलिए उनकी स्पष्ट पहचान नहीं हो सकी है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच जारी है और पुलिस की कई टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हैं।

वहीं, स्थानीय ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि टोल प्लाजा के कर्मचारी क्षेत्र के लोगों से अभद्र व्यवहार करते हैं और जबरन टैक्स वसूली करते हैं, जिससे आए दिन विवाद होता रहता है। पुलिस को भी संदेह है कि हमला करने वाले स्थानीय ग्रामीण हो सकते हैं।