मुरैना। मध्यप्रदेश के मुरैना जिले में बारिश के बाद बदहाल हुई सड़क को लेकर सात साल की एक बच्ची का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। सिकरोड़ी ग्राम पंचायत के रामरतन पुरा गांव की रहने वाली बच्ची ने कीचड़ और पानी से भरी सड़क पर खड़े होकर मुख्यमंत्री मोहन यादव से सड़क बनवाने की अपील की। बच्ची ने सवाल उठाया कि जब सरकार बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ की बात करती है तो खराब सड़क के कारण बच्चे स्कूल तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। बच्ची ने नाराजगी जताते हुए यहां तक कह दिया कि सड़क नहीं बनी तो मुख्यमंत्री को कुर्सी से हटवा देंगे।
वायरल वीडियो में बच्ची गांव की जर्जर सड़क की स्थिति दिखाते हुए मुख्यमंत्री को संबोधित करती नजर आती है। उसका कहना है कि सड़क इतनी खराब हो चुकी है कि लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। बारिश के बाद सड़क पर कीचड़ और पानी जमा है। जिसके कारण वह और गांव के दूसरे बच्चे स्कूल नहीं जा पा रहे हैं।
यह भी पढ़ें:ग्वालियर में हूटर का रौब दिखाना पड़ा भारी, BJP नेता और डॉक्टर समेत 11 पर पुलिस की कार्रवाई
बच्ची वीडियो में कहती है कि मुख्यमंत्री लगातार बेटियों की पढ़ाई की बात करते हैं लेकिन गांव में आने-जाने के लिए सड़क ही नहीं होगी तो बेटियां स्कूल कैसे जाएंगी। वह सड़क की हालत दिखाते हुए इसे ठीक कराने की मांग करती है और अपनी परेशानी को लेकर नाराजगी भी जाहिर करती है।
रामरतन पुरा गांव की यह सड़क लंबे समय से कच्ची और खराब बताई जा रही है। बारिश शुरू होते ही यहां जलभराव और कीचड़ की स्थिति बन जाती है। ग्रामीणों के मुताबिक, सड़क की खराब हालत का असर सिर्फ बच्चों की पढ़ाई पर नहीं पड़ रहा बल्कि रोजमर्रा की आवाजाही भी मुश्किल हो गई है। बारिश के दौरान एंबुलेंस और स्कूल वाहन तक गांव के अंदर पहुंचने में परेशानी होती है।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की स्थिति सबसे ज्यादा गंभीर तब हो जाती है जब किसी मरीज या गर्भवती महिला को अस्पताल ले जाने की जरूरत पड़ती है। कीचड़ और पानी के कारण वाहन गांव तक पहुंच नहीं पाते और लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
यह भी पढ़ें:राजगढ़ में उफनते नाले में बही कार, 3 बच्चों और 2 महिलाओं समेत 9 लोगों की मौत
ग्रामीणों के मुताबिक, सड़क निर्माण की मांग लंबे समय से की जा रही है। पंचायत स्तर से लेकर विधायक और सांसद तक कई बार समस्या पहुंचाई गई लेकिन अब तक सड़क निर्माण नहीं हो सका है। बारिश के मौसम में समस्या और गंभीर होने के बावजूद स्थायी समाधान नहीं निकलने से गांव के लोगों में नाराजगी है। मुरैना जिले के दूसरे गांवों में भी कच्ची और जर्जर सड़कों की समस्या सामने आती रही है। करीब एक महीने पहले दिमनी विधानसभा क्षेत्र के हवेली गांव में भी खराब सड़क के विरोध में एक युवक ने दंडवत प्रदर्शन किया था और तीन दिन तक अनशन किया था।