राजगढ़ में उफनते नाले में बही कार, 3 बच्चों और 2 महिलाओं समेत 9 लोगों की मौत

राजगढ़ जिले में सोमवार सुबह भीषण हादसा हो गया। पड़ाना के पास उफनते झिरी नाले को पार करते समय 11 लोगों से भरी ईको वैन बह गई। ग्रामीणों की चेतावनी अनदेखी करने से 9 लोगों की मौत हो गई।

Updated: Aug 10, 2026, 04:50 PM IST

राजगढ़। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले में सोमवार सुबह तेज बारिश के बीच एक दर्दनाक हादसा हो गया। पचोर-सारंगपुर रोड पर पड़ाना कस्बे के पास निर्माणाधीन पुल के ऊपर से बह रहे तेज पानी को पार करने की कोशिश में एक ईको वैन नाले में बह गई। हादसे में तीन बच्चे, दो महिलाएं समेत 9 लोगों की मौत हो गई। जबकि, दो युवकों ने किसी तरह तैरकर अपनी जान बचाई। घटना सुबह करीब 9:30 बजे की है। वाहन में सवार सभी लोग देवास जिले के सतवास क्षेत्र के धांसड़ गांव के रहने वाले थे और कड़लावद गांव जा रहे थे।

हादसा पड़ाना के पास झिरी नाले पर हुआ। वहां करीब 30 फीट लंबा पुल निर्माणाधीन है। लगातार बारिश के कारण नाले का पानी पुल के ऊपर से बह रहा था। बताया जा रहा है कि पानी के तेज बहाव और अधूरे पुल की स्थिति ड्राइवर मुकेश सिंह को ठीक से दिखाई नहीं दी। उसने ईको को आगे बढ़ा दिया और कुछ ही दूरी पर वाहन पानी के बहाव में असंतुलित होकर नाले में जा गिरा।

यह भी पढ़ें:इंदौर में समोसे के अंदर मिला मरा कॉकरोच, युवक ने CM हेल्पलाइन पर दर्ज कराई शिकायत

प्रत्यक्षदर्शी महेंद्र परमार के मुताबिक, पुल के पास पानी भरा हुआ था और ग्रामीणों ने वाहन चालक को रोकने की कोशिश भी की थी। उन्होंने चालक से कहा था कि आगे घुटने तक पानी है और इस रास्ते से गाड़ी नहीं निकालनी चाहिए। इसके बावजूद वाहन आगे बढ़ाया गया। पुल के किनारे रेलिंग भी नहीं होने के कारण ईको तेज बहाव की चपेट में आकर नाले में चली गई।

हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंची। एसडीएम रोहित बम्होरे और एसडीओपी अरविंद सिंह ने घटनास्थल का जायजा लिया। रेस्क्यू टीमों ने क्रेन की मदद से पानी में फंसी ईको को बाहर निकाला। हालांकि, वाहन के अंदर सभी लोग नहीं मिले। इसके बाद नाले और आसपास के हिस्से में तलाश अभियान चलाया गया।

यह भी पढ़ें:भोपाल के VIP इलाके भी सुरक्षित नहीं, पूर्व मंत्री अजय विश्नोई के बंगले में चोरी

पुलिस के अनुसार, ईको मुकेश सिंह के नाम पर रजिस्टर्ड है और हादसे के समय वही गाड़ी चला रहा था। हादसे में बचने वाले मुकेश सिंह और हुकुम सिंह को सारंगपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों सदमे में हैं और उनका इलाज चल रहा है। हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान शंकर सिंह (50), उनकी पत्नी सागरबाई, हुकुम सिंह की पत्नी रीनू (28), उनके बेटे राजवीर (3), जसप्रीत, विशाल चौहान, उनकी पत्नी पूजा (27), रिशिका और आनंद सिंह के रूप में हुई है।

झिरी नाले पर पुल का निर्माण अभी पूरा नहीं हुआ है। तेज बारिश के कारण पानी सड़क और पुल के हिस्से पर फैल गया था। पीडब्लूडी के इंजीनियर पीके शर्मा ने बताया कि सड़क पर निर्माण कार्य चल रहा है और वाहन चालकों को वैकल्पिक रास्ते की जानकारी देने के लिए डायवर्जन के बोर्ड लगाए गए हैं। उनके मुताबिक, हादसे के समय रास्ता पानी में डूबा हुआ था और ग्रामीणों ने भी वाहन चालक को आगे जाने से रोकने की कोशिश की थी।

यह भी पढ़ें:भोपाल जिला अदालत में न जज पूरे न कोर्टरूम, 1.50 लाख केस पेंडिंग, 46 पद खाली