भोपाल। मध्य प्रदेश के 14 जिलों में नगरीय निकायों के 22 वार्ड में हुए उपचुनाव में बीजेपी को सफलता मिली है। सत्ताधारी दल ने इन 22 में से 16 सीटों पर जीत दर्ज की है। जबकि विपक्षी दल कांग्रेस सिर्फ तीन सीट जीत पाई। वहीं, तीन सीटों पर निर्दलीय प्रत्याशियों ने कब्जा जमाया है।

प्रदेश में पंचायतों ओर नगरीय निकायों में उप चुनाव के तहत पांच जनवरी को मतदान हुआ था। इसमें 9 हजार 220 पंच, 56 सरपंच, 15 जनपद पंचायत सदस्य और एक जिला पंचायत सदस्य के लिए वोट डाले गए थे। वहीं, अलग-अलग जिलों के 22 वार्ड में भी मतदान हुआ था। इन वार्डों में दलगत उम्मीदवार उतारे गए थे। जिसमें भाजपा की रणनीति कामयाब रही।

कांग्रेस को सबसे बड़ा झटका भोपाल में लगा। यहां कांग्रेस वार्ड नंबर 41 से चुनाव हार गई। जबकि ये सीट मुस्लिम बाहुल्य वार्ड है और हमेशा से यहां कांग्रेस का कब्जा रहा है। भोपाल के वार्ड क्रमांक 41 के उपचुनाव में भाजपा के डॉ. रेहान सिद्दीकी ने 2600 वोटों से जीत दर्ज की।

नगरीय निकाय उपचुनाव में पन्ना और राजगढ़ में भाजपा प्रत्याशियों ने निर्विरोध जीत हासिल की। इसके अलावा कटनी और धार में दो-दो, भोपाल, मंडला, नरसिंहपुर, मैहर, रतलाम, जबलपुर, मैहर, बैतूल, दमोह और देवास में एक-एक सीट पर भाजपा को जीत मिली।