सीधी। मध्य प्रदेश के सीधी जिले के रामपुर नैकिन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर मवेशियों का कब्जा हो गया है। अस्पताल का एक वीडियो सामने आया है। इसमें अस्पताल के मुख्य द्वार से लेकर बीएमओ के केबिन तक चिकित्सा अमला तो नहीं दिखता पर दर्जनों गाय और बैल घूमते दिखाई दे रहे हैं।
यह पहली घटना नहीं है। दो महीने पहले इसी अस्पताल में एक मरीज के बेड पर कुत्ता बैठा मिला था। उस समय वरिष्ठ अधिकारियों ने नोटिस जारी किया था। लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। अब मवेशी खुलेआम अस्पताल परिसर में घूम रहे हैं। वे परिसर में गंदगी भी फैला रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बीएमओ डॉक्टर प्रेरणा त्रिपाठी अस्पताल में मौजूद नहीं रहतीं। वे सीधी से ही काम देखती हैं। अस्पताल परिसर में सीसीटीवी कैमरे तो जरूर लगाए गए हैं, लेकिन उनकी निगरानी न के बराबर है। दोषी कर्मचारियों पर कभी कोई ठोस कार्रवाई नहीं होती। यही कारण है कि ऐसी घटनाएं बार-बार सामने आती हैं।
रात के समय अस्पताल में एक डॉक्टर, नर्स, वार्ड बॉय और स्वीपर की ड्यूटी रहती है। फिर भी कोई मवेशियों को बाहर नहीं निकालता। अस्पताल में डिलीवरी की सुविधा भी है। ऐसी स्थिति में नवजात शिशुओं और प्रसूता महिलाओं को संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है।