झांसी। उत्तर प्रदेश के झांसी में 524 एलपीजी सिलेंडरों से भरे ट्रक की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। सीपरी बाजार थाना पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में गैस एजेंसी मालिक समेत सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 524 सिलेंडर (389 भरे और 135 खाली), करीब 11 लाख 93 हजार 820 रुपए नकद, बाइक, तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, चोरी किया गया ट्रक भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड के प्लांट से जुड़ा था। इसमें 2 मार्च को 524 एलपीजी सिलेंडर लोड कर कानपुर देहात के गजनेर भेजे जा रहे थे। होली के कारण ड्राइवर ट्रक को प्लांट के बाहर खड़ा करके घर चला गया था। इसी दौरान 5 मार्च की रात बदमाश ट्रक लेकर फरार हो गए थे। बाद में ट्रक पारीछा इलाके में खाली हालत में मिला। जबकि, सभी सिलेंडर गायब थे। ट्रक मालिक नीरज अग्रवाल ने सिलेंडरों की कीमत करीब 18 लाख रुपए बताई थी।

जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी जावेद और रितिक पहले इसी ट्रक को चलाते थे लेकिन बाद में उन्हें नौकरी से निकाल दिया गया था। दोनों का लगभग 60 से 70 हजार रुपए वेतन बकाया था। इसी को लेकर उन्होंने बदला लेने और पैसे वसूलने की योजना बनाई। दोनों ने अपने साथी सुमित अहिरवार को शामिल किया और गैस एजेंसी के मुनीम आमिर से संपर्क किया।

बातचीत के बाद चोरी किए गए सिलेंडरों को 13 लाख रुपए में बेचने की डील तय हुई। योजना के तहत रितिक ट्रक चलाकर ले गया। जबकि, जावेद और सुमित बाइक से आगे-आगे चल रहे थे। बाद में ट्रक को समथर स्थित शिव गैस एजेंसी ले जाकर सभी सिलेंडर उतार दिए गए और खाली ट्रक पारीछा इलाके में छोड़ दिया गया

पुलिस जांच में पता चला कि एजेंसी संचालक ने गैस की कमी का फायदा उठाते हुए 135 सिलेंडर ब्लैक में बेच दिए थे। इन सिलेंडरों से मिली गैस बेचकर आरोपियों ने 83 हजार 820 रुपए भी कमाए थे। पुलिस ने जावेद के घर से 11 लाख 10 हजार रुपए बरामद किए हैं।

झांसी के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के मुताबिक, मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने बदमाशों की घेराबंदी की। इस दौरान आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग भी की थी। जिसके बाद मुठभेड़ में जावेद, आमिर, रितिक और सुमित को गिरफ्तार कर लिया गया। उनकी निशानदेही पर समथर स्थित गैस एजेंसी पर छापा मारकर एजेंसी मालिक शुभांकर परिहार, अभिषेक कुशवाहा और सुरेंद्र को भी पकड़ लिया गया।

बरामद किए गए बड़ी संख्या में भरे गैस सिलेंडरों को देखते हुए सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। थाने में सिलेंडरों की चौबीसों घंटे निगरानी की जा रही है और किसी भी दुर्घटना की आशंका को देखते हुए बाहर फायर ब्रिगेड की गाड़ी भी तैनात की गई है।

एसएसपी ने बताया कि बरामद सिलेंडरों को जल्द ही कानूनी प्रक्रिया पूरी कर संबंधित एजेंसी को सौंपने की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, इस पूरे मामले का खुलासा करने वाली पुलिस टीम को 25 हजार रुपए का इनाम देने की घोषणा की गई है।