भोपाल। मध्य प्रदेश में जल्द ही सफर का तरीका बदलने वाला है। राज्य में किसी भी वाहन चालक को अब गूगल मैप्स पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। प्रदेश सरकार का लोक निर्माण विभाग (PWD) लोकपथ एप-2 लॉन्च करने जा रहा है। इसमें राज्य की हर सड़क और हर जरूरी लोकेशन की जानकारी एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होगी।

यह एप गुजरात के भास्कराचार्य नेशनल इंस्टीट्यूट फॉर स्पेस एप्लीकेशंस एंड जियो-इन्फॉर्मेटिक्स के सहयोग से तैयार किया जा रहा है। एप में राष्ट्रीय राजमार्ग, राज्य मार्ग, मुख्य जिला सड़कें और अन्य सभी श्रेणियों की सड़कें शामिल होंगी। लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह का दावा है कि देश में पहली बार कोई राज्य इस स्तर पर अपना खुद का नेविगेशन और रोड इंफॉर्मेशन एप तैयार कर रहा है।

लोकपथ एप-2 सिर्फ रास्ता ही नहीं बताएगा बल्कि सफर से जुड़ी हर जरूरी जानकारी देगा। इसमें रास्ते में आने वाले धार्मिक स्थल, प्रमुख पर्यटन स्थल, थाना, अस्पताल, होटल, टोल प्लाजा और टोल की दर तक की जानकारी उपलब्ध होगी। एप यूजर को वैकल्पिक मार्ग भी सुझाएगा जिससे समय और दूरी दोनों का सही आकलन किया जा सकेगा।

इस एप की एक बड़ी खासियत सड़क सुरक्षा से जुड़ी है। मध्य प्रदेश में 142 हाईवे पर करीब 450 से अधिक ब्लैक स्पॉट चिन्हित किए गए हैं। ये ब्लैक स्पॉट 200 किलोमीटर से ज्यादा क्षेत्र में फैले हुए हैं। लोकपथ एप-2 इन दुर्घटना संभावित क्षेत्रों की जानकारी एक किलोमीटर पहले ही दे देगा ताकि चालक गति नियंत्रित कर सके। ब्लैक स्पॉट से 200 मीटर पहले फिर से अलर्ट मिलेगा। यह सुविधा फिलहाल गूगल मैप्स में उपलब्ध नहीं है।

आपात स्थिति में यह एप सीधे एंबुलेंस और 911 सेवा से कॉल कनेक्ट करने की सुविधा भी देगा। यदि कोई दुर्घटना होती है तो एप यह भी बताएगा कि सबसे नजदीकी अस्पताल किस रास्ते से जल्दी पहुंचा जा सकता है।

लोक निर्माण विभाग के प्रमुख सचिव सुखवीर सिंह ने बताया कि पीएम गतिशक्ति पोर्टल पर उपलब्ध सभी राष्ट्रीय राजमार्ग और अन्य मार्गों की लेयर को लोकपथ एप-2 से जोड़ा जा रहा है। उन्होंने कहा कि गूगल मैप्स में सीमित विकल्प होते हैं जबकि यह एप प्रदेश की जरूरतों के अनुसार तैयार किया जा रहा है।

लोकपथ एप का एक और महत्वपूर्ण पक्ष निर्माण गुणवत्ता से जुड़ा है। आम नागरिक एप के जरिए सड़क, पुल-पुलिया और भवन निर्माण कार्यों को लेकर शिकायत दर्ज करा सकेंगे। इन शिकायतों की जांच तय समय-सीमा में कराई जाएगी और जांच रिपोर्ट से शिकायतकर्ता को अवगत भी कराया जाएगा।