इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर जिले में जर्जर मकान को गिराने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। सांवेर विधानसभा क्षेत्र में सालों पुराने मकान का हिस्सा अचानक भरभराकर गिर पड़ा। मलबे में दबने से चार महिला मजदूरों की मौत हो गई। जबकि, पांच लोग घायल हुए हैं। इनमें चार गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद इंदौर के एमवाय अस्पताल रेफर किया गया है।
हादसा उस समय हुआ जब जर्जर हो चुके पुराने मकान को तोड़ने का काम चल रहा था। मजदूर इमारत को गिराने के काम में जुटे थे। तभी अचानक पूरी संरचना ढह गई। इसके साथ ही वहां मौजूद मजदूर मलबे के नीचे दब गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। राहत और बचाव अभियान शुरू कर मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। हादसे में तीन महिलाओं ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। जबकि, एक अन्य महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। इस तरह मृतकों की संख्या बढ़कर चार हो गई।
हादसे में घायल पांच लोगों में से चार की हालत गंभीर बताई गई है। सांवेर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए इंदौर के एमवाय अस्पताल भेजा गया। अन्य घायल का भी उपचार किया जा रहा है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद सांवेर विधायक और राज्य सरकार में मंत्री तुलसी सिलावट भी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायलों से मुलाकात कर उनकी स्थिति की जानकारी ली। मंत्री ने डॉक्टरों से घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन और पुलिस की टीम हादसे के कारणों की जानकारी जुटा रही है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, जर्जर मकान को तोड़ने के दौरान ही अचानक इमारत ढह गई।