भोपाल। मध्य प्रदेश कांग्रेस के संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने की कवायद लगातार जारी है। इसी क्रम में कांग्रेस के राष्ट्रीय संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने इंदौर की सक्रिय नेता रीना बौरासी को मध्य प्रदेश महिला कांग्रेस का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। वे अब तक इस पद पर रहीं विभा पटेल की जगह संभालेंगी।

इसके साथ ही बैरसिया निवासी अवनीश भार्गव को मध्य प्रदेश कांग्रेस सेवादल का मुख्य संगठक बनाया गया है। वे इससे पहले सागर, विदिशा और उज्जैन समेत कई जिलों के प्रभारी के रूप में काम कर चुके हैं।

बता दें कि भोपाल की महापौर रह चुकीं विभा पटेल को मार्च 2022 में मध्य प्रदेश महिला कांग्रेस का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। अब उनकी जगह इंदौर के सांवेर से विधानसभा चुनाव लड़ चुकीं रीना बौरासी प्रदेश अध्यक्ष बनाई गईं हैं।

दोनों नेताओं की नियुक्ति पर एमपी कांग्रेस ने बधाई दी है। एमपी कांग्रेस ने अपने सोशल मीडिया में पोस्ट करते हुए लिखा, 'अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी की महिला कांग्रेस की अध्यक्ष के रूप में रीना बौरासी सेतिया एवं सेवा दल के मुख्य संयोजक के रूप में अवनीश भार्गव जी की नियुक्ति की गई है। आप दोनों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। आशा है कि महिला कांग्रेस और सेवा दल नए आयाम स्थापित करेंगे।'