भोपाल। मध्य प्रदेश सरकार का खजाना इन दिनों नई गाड़ियां खरीदने की अनुमति नहीं दे रहा है। राज्य के दोनों उप मुख्यमंत्रियों जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ल ने नई इनोवा क्रिस्टा हाइब्रिड कार की मांग की थी। लेकिन वित्त विभाग ने वित्तीय संकट का हवाला देकर नई कार खरीदने की अनुमति नहीं दी। उधर, सीएम मोहन यादव के लिए करोड़ों के उड़नखटोले खरीदे जा रहे हैं। इसे लेकर विपक्ष ने सीएम मोहन यादव पर हमला बोला है।

दरअसल, मध्य प्रदेश के दोनों डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ल ने नई कार के लिए आवेदन किया था। नियमानुसार, सरकारी वाहन के 1 लाख 10 हजार किलोमीटर चलने पर उसे बदलने का प्रावधान है। दोनों डिप्टी सीएम की कारें यह सीमा पार कर चुकी हैं। उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा का 2024 मॉडल इनोवा क्रिस्टा वाहन एक लाख 29 हजार किलोमीटर से अधिक चल गया है। वहीं उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल का 2024 मॉडल इनोवा क्रिस्टा वाहन एक लाख 32 हजार किलोमीटर से अधिक चल चुका है। ऐसे में नई कारों के खरीदने का प्रस्ताव वित्त विभाग को भेजे गए थे।

उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने भी कहा कि नए वाहन का प्रस्ताव इसलिए भेजा, क्योंकि वर्तमान में जो वाहन है, वह सीमा से अधिक चल चुका है। हैरानी की बात ये है कि दोनों डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ल के प्रस्ताव वित्त विभाग ने लौटा दिए। वित्त विभाग ने वित्तीय संकट का हवाला देकर उन्हें नई कार खरीदने की अनुमति नहीं दी। विभाग ने मौजूदा वाहनों की मरम्मत कराकर इस्तेमाल करने को कहा है।

उधर, राज्य सरकार अपने हवाई बेड़े को हाइटेक बनाने के लिए करोड़ों रुपए पानी की तरह फेंक रही है। हाल ही में सीएम मोहन यादव के लिए करीब 234 करोड़ रुपए की नई बॉम्बार्डियर चैलेंजर-3500 जेट की ऑर्डर दी गई है। इतना ही नहीं 150 करोड़ रुपए का डबल इंजन हेलीकॉप्टर भी खरीदा जाना प्रस्तावित है। ऐसे में वित्त विभाग के डिप्टी CMs को नई कार ने देने के निर्णय के बाद सवाल उठना लाजमी है। 

मामले पर कांग्रेस विधायक जयवर्धन सिंह ने तंज कसते हुए कहा कि मुख्यमंत्री जी, जब कर्ज के पैसों से आप अपने लिए करीब ₹234 करोड़ का बॉम्बार्डियर चैलेंजर 3500 स्टेट विमान और ₹150 करोड़ का डबल इंजन हेलीकॉप्टर खरीद रहे हैं, तो क्या मध्य प्रदेश का अनुपूरक बजट दो उपमुख्यमंत्रियों के लिए दो इनोवा क्रिस्टा हाइब्रिड कारों का भार नहीं उठा सकता? उन्होंने कहा कि वित्तीय प्रबंधन के नाम पर यह ढोंग बंद कीजिए। जयवर्धन ने आगे कहा कि जगदीश देवड़ा वित्त मंत्री भी हैं और आपकी सरकार का अनुपूरक बजट भी वही पेश करेंगे। अब उन्हें एक इनोवा क्रिस्टा हाइब्रिड कार खरीदने का अधिकार तो दीजिए।