नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता और राज्यसभा सांसद कपिल सिब्बल ने परिसीमन बिल और 131वें संविधान संशोधन को लेकर विपक्षी दलों को आगाह किया है। उन्होंने कहा कि यदि 30 नवंबर को यह बिल पारित हो जाता है, तो देश में लोकतंत्र का जो कुछ हिस्सा बचा है, वह भी खत्म हो जाएगा। सिब्बल ने सभी विपक्षी दलों से इस खतरे को गंभीरता से लेने और इसके खिलाफ एकजुट होकर आवाज उठाने की अपील की है।

कपिल सिब्बल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र में सत्तारूढ़ भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके सत्ता में आने के साथ ही देश के संवैधानिक ढांचे को खत्म करने की प्रक्रिया शुरू हो गई थी। सिब्बल ने कहा, "मेरा मानना है कि जब नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में BJP सत्ता में आई, तो उसने उसी वक्त यह तय कर लिया था कि देश के संवैधानिक ढांचे को खत्म करना है।"

उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया की शुरुआत 2014 में हुई थी और अब 2026 तक लोकतंत्र का जो भी हिस्सा बचा हुआ है, वह भी खतरे में है। सिब्बल के मुताबिक, परिसीमन और संविधान संशोधन से जुड़े प्रस्ताव देश के लोकतांत्रिक स्वरूप के लिए गंभीर चुनौती बन सकते हैं। उन्होंने विपक्षी दलों को इस मुद्दे पर एकजुट होकर सरकार के कदमों का विरोध करने की जरूरत बताई।

सिब्बल ने परिसीमन बिल को लेकर 30 नवंबर की तारीख को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि यदि इसे पारित कर दिया गया तो लोकतंत्र पर इसका गंभीर असर पड़ेगा। उन्होंने विपक्ष को चेतावनी दी कि इस मुद्दे को केवल एक विधेयक के तौर पर नहीं देखा जाना चाहिए, बल्कि देश के संवैधानिक ढांचे और लोकतांत्रिक व्यवस्था को बचाने की लड़ाई के रूप में लिया जाना चाहिए।