नर्मदापुरम। मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जिले के पिपरिया के सतपुड़ा टाइगर रिजर्व के बफर जोन में एक बाघ आदमखोर हो गया है। यहां बाघ ने एक बुजुर्ग महिला पर हमला कर उसकी जान ले ली और शव को पहाड़ी पर स्थित गुफा में घसीटते हुए ले गया, जहां बाघ ने उसका पूरा धड़ खा लिया। महिला के सिर्फ पैरों का हिस्सा बचा है। महिला के परिजन द्वारा उसकी पहचान बाल, कपड़े और पायल से की है।

स्टेशन रोड थाना के सब इंस्पेक्टर सुरेश सिंह चौहान ने बताया कि महिला गुरुवार से लापता थी। देवक सिंह ठाकुर निवासी ग्राम धार ने उसकी 55 वर्षीय मां रसी बाई की गुमशुदगी की रिपोर्ट लिखाई थी। शुक्रवार शाम करीब पांच बजे फॉरेस्ट रेंजर बीआर पदाम ने पिपरिया क्षेत्र के धार गांव मोहरीकला के जंगल में पहाड़ी गुफा में एक महिला का शव मिलने की सूचना दी थी। मौके पर फॉरेस्ट और पुलिस ने पहुंचकर जांच की तो यह गुमशुदा महिला निकली। घटनास्थल के आसपास बाघ के पगमार्क भी मिले हैं।

महिला के सिर्फ पैरों का हिस्सा बचा था। महिला के परिजनों ने उसकी पहचान बाल, कपड़े और पायल से की है। परिजन के अनुसार, महिला मानसिक रूप से कमजोर थी। जानकारी लगते ही मौके पर पहुंची पुलिस शव का बचा हिस्सा बरामद कर अस्पताल पहुंचाया। घटना के बाद वन विभाग की ओर से शोकाकुल परिजनों को तत्काल आर्थिक सहायता के तौर पर 10 हजार रुपए दिए गए हैं। साथ ही, वन्य प्राणी द्वारा जान जाने के चलते शासन की योजना के तहत 8 लाख की सहायता राशि स्वीकृत कराने का प्रकरण भी तैयार कर लिया है।

बता दें कि इससे पहले नर्मदापुरम में ही मटकुली मोगांव की रहने वाली महिला पर बाघ ने हमला किया था। आदमखोर बाघ इस महिला को भी खा गया था, तब आदिवासी समुदाय ने काफी बवाल मचाया था। वन चौकी में आगजनी की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने तब बड़ी मुश्किल से स्थिति को नियंत्रित किया था।