मऊगंज| मध्य प्रदेश के मऊगंज जिले के देवतालाब स्थित सांदीपनी सीएम राइज सरकारी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में गुरुवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया। कक्षा के दौरान अचानक छत का भारी प्लास्टर गिरने से अफरा-तफरी मच गई। हादसे में चार छात्र घायल हो गए, जिनमें दो छात्राओं को सिर में गंभीर चोटें आईं। यह घटना उस समय हुई जब सभी बच्चे पढ़ाई में व्यस्त थे, तभी छत का बड़ा हिस्सा टूटकर उनके ऊपर गिर गया।

घायल छात्रों को तत्काल इलाज के लिए देवतालाब के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। इनमें 11वीं की छात्रा प्रियांशी द्विवेदी की स्थिति गंभीर होने के कारण उसे रीवा के संजय गांधी अस्पताल रेफर किया गया, जहां अब उसकी हालत स्थिर है। एक अन्य छात्रा रेनू मिश्रा को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।

यह भी पढ़ेंः MP के बिजली कंपनियों में अब होगी बंपर भर्ती, मोहन कैबिनेट ने 49 हजार 263 नए पदों को दी मंजूरी

हादसे की जानकारी मिलते ही डायल 100 और विकासखंड शिक्षा अधिकारी शत्रुघ्न प्रसाद मिश्रा मौके पर पहुंचे। स्कूल के प्राचार्य अशोक मिश्रा ने घायल छात्रा को खुद रीवा अस्पताल पहुंचाया। यह घटना शिक्षा विभाग की लापरवाही और जर्जर होती स्कूल बिल्डिंगों की हकीकत को उजागर करती है।