भोपाल। छात्रों की गूंज अभियान के तहत मंगलवार को एनएसयूआई और कांग्रेस नेताओं भोपाल के अंबेडकर पार्क में प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेसजन ने नीट परीक्षा लीक के बाद तनाव में आकर आत्मघाती कदम उठाने को मजबूर हुए विद्यार्थियों को श्रद्धांजलि दी गई। कार्यक्रम में NSUI के AICC कॉर्डिनेटर एवं इस अभियान के समन्वयक डॉ अंशुल त्रिवेदी, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद सहित कई कांग्रेस नेता मौजूद रहे।

इस दौरान नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि NEET पेपर लीक जैसी घटनाएं केवल परीक्षा प्रणाली की विफलता नहीं, बल्कि देश के लाखों युवाओं के सपनों पर आघात हैं। उन्होंने कहा कि छात्रों का भविष्य सुरक्षित करना सरकार की जिम्मेदारी है और शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता तथा जवाबदेही सुनिश्चित किए बिना युवाओं का विश्वास बहाल नहीं हो सकता। उन्होंने दिवंगत विद्यार्थियों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि कांग्रेस छात्रों के अधिकारों और न्याय की लड़ाई लगातार लड़ती रहेगी।

AICC कॉर्डिनेटर डॉ अंशुल त्रिवेदी ने कहा कि "छात्रों की गूंज" केवल एक अभियान नहीं, बल्कि देशभर के विद्यार्थियों की आवाज़ को बुलंद करने का संकल्प है। उन्होंने कहा कि लगातार सामने आ रही परीक्षा लीक संबंधी अनियमितताओं ने छात्रों और अभिभावकों को गहरी चिंता में डाल दिया है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी को निष्पक्ष, पारदर्शी और भयमुक्त शिक्षा व्यवस्था मिलना उसका अधिकार है तथा NSUI इस मुद्दे पर देशभर में छात्रों की आवाज़ बनकर संघर्ष जारी रखेगी।

श्रद्धांजलि सभा के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत विद्यार्थियों को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार और परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी बनाने का संकल्प लिया। अंशुल त्रिवेदी ने बताया कि"छात्रों की गूंज" अभियान के माध्यम से आगामी दिनों में विभिन्न मुद्दों पर संवाद, पैंपलेट वितरण, जनजागरण और संगठनात्मक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।