माइक्रोसॉफ्ट की ऑनलाइन सेवाओं में आई बड़ी तकनीकी खराबी का असर अब भारत की हवाई सेवाओं पर भी दिखाई देने लगा है। शुक्रवार सुबह स्पाइसजेट ने दिल्ली से संचालित होने वाली तीन उड़ानें रद्द कर दी। जबकि, दरभंगा और मुंबई जाने वाली दो अन्य फ्लाइट्स में देरी हुई। रद्द की गई उड़ानों में दिल्ली-पुणे, दिल्ली-लेह और दिल्ली-मुंबई रूट शामिल हैं। स्थिति को देखते हुए दिल्ली एयरपोर्ट ने यात्रियों को घर से निकलने से पहले अपनी फ्लाइट का स्टेटस जांचने की सलाह दी है। इंडिगो और अकासा एयर ने भी यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की है।
यह तकनीकी संकट केवल विमान सेवाओं तक सीमित नहीं है। माइक्रोसॉफ्ट की कई प्रमुख ऑनलाइन सेवाएं करीब 15 घंटे से प्रभावित हैं। इसके कारण ईमेल, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग, ऑनलाइन फाइल शेयरिंग और क्लाउड सेवाओं पर निर्भर कामकाज बाधित हुआ है। स्कूलों, अस्पतालों, सरकारी कार्यालयों और निजी कंपनियों में भी इसका असर देखने को मिला है।
यह भी पढ़ें:MP: नौकरी से हटाए कोरोना योद्धाओं का आंदोलन, मांगें न पूरी होने पर विधानसभा घेराव की चेतावनी
आउटेज पर नजर रखने वाली वेबसाइट डाउनडिटेक्टर के अनुसार, माइक्रोसॉफ्ट की सेवाओं में गड़बड़ी भारतीय समयानुसार गुरुवार रात करीब 9:45 बजे शुरू हुई थी। शुरुआती एक घंटे में ही यह समस्या 74 देशों तक फैल गई थी। गुरुवार रात लगभग 11:30 बजे तक माइक्रोसॉफ्ट आउटलुक के काम नहीं करने की 1.40 लाख से अधिक शिकायतें दर्ज की गई थी। यह सामान्य दिनों के मुकाबले करीब 2,000 गुना ज्यादा थी। इसका असर उन करोड़ों यूजर्स पर पड़ा जो अपने रोजमर्रा के काम के लिए माइक्रोसॉफ्ट के डिजिटल प्लेटफॉर्म पर निर्भर हैं।
माइक्रोसॉफ्ट की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, इस आउटेज में कंपनी की कई अहम सेवाएं प्रभावित हुई हैं। इनमें आउटलुक ईमेल, माइक्रोसॉफ्ट टीम्स, शेयरपॉइंट ऑनलाइन, कोपायलट 365, माइक्रोसॉफ्ट डिफेंडर, प्लानर और एक्सचेंज ऑनलाइन शामिल हैं। इन सेवाओं के बाधित होने से लोगों को ईमेल भेजने और प्राप्त करने, ऑनलाइन मीटिंग करने, फाइलें साझा करने और क्लाउड पर डेटा सेव करने में परेशानी हुई। कई कंपनियों में ऑर्डर प्रोसेसिंग और दूसरे व्यावसायिक काम भी प्रभावित हुए। कुछ स्कूलों में ऑनलाइन कक्षाएं नहीं हो सकी। जबकि, अस्पतालों में डॉक्टरों को ऑनलाइन मरीजों से जुड़ने और सलाह देने में दिक्कत आई।
जहां स्पाइसजेट की उड़ानों पर असर पड़ा है वहीं एयर इंडिया ने स्पष्ट किया है कि उसकी फ्लाइट सेवाएं फिलहाल सामान्य हैं। कंपनी ने बताया कि वह माइक्रोसॉफ्ट की तकनीकी समस्या पर लगातार नजर रख रही है। उसके कम्युनिकेशन चैनल भी काम कर रहे हैं। एयर इंडिया के मुताबिक, यात्रियों के ईमेल प्रभावित न हों इसके लिए ईमेल ट्रैफिक को अस्थायी रूप से दूसरे रास्ते से भेजने की व्यवस्था की गई है। कंपनी ने यह भी कहा कि वह निर्धारित 24 घंटे की समयसीमा के भीतर यात्रियों के ईमेल का जवाब दे रही है।
यह भी पढ़ें:खंडवा में बोलेरो की टक्कर से कांग्रेस नेता समेत दो की मौत, घायलों की मदद के लिए पहुंची एंबुलेंस को लौटाया
माइक्रोसॉफ्ट के अनुसार, इस समस्या की मुख्य वजह सॉफ्टवेयर अपडेट में हुई गड़बड़ी है। कंपनी ने इसे साइबर अटैक या हैकिंग का मामला नहीं बताया है। हालांकि, शुरुआती स्तर पर समस्या की पहचान होने के बावजूद सेवाओं को पूरी तरह सामान्य करने में समय लग रहा है। कंपनी का कहना है कि खराबी दूर करने के लिए किए गए शुरुआती बदलाव अपेक्षित परिणाम नहीं दे पाए।
इसके बाद तकनीकी टीम दूसरे विकल्पों का परीक्षण कर रही है ताकि सर्वर पर अतिरिक्त दबाव डाले बिना यूजर्स को दोबारा सेवाओं से जोड़ा जा सके। इस घटना की तुलना जुलाई 2024 में हुई क्राउडस्ट्राइक (CrowdStrike) गड़बड़ी से भी की जा रही है। उस समय एक खराब सॉफ्टवेयर अपडेट के कारण दुनियाभर में बड़ी संख्या में कंप्यूटर सिस्टम प्रभावित हुए थे।
माइक्रोसॉफ्ट की सेवाओं पर दुनिया के बड़े हिस्से का डिजिटल कामकाज निर्भर है। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, दुनियाभर में 43 करोड़ से अधिक लोग माइक्रोसॉफ्ट 365 एप्स का इस्तेमाल करते हैं। इनमें आउटलुक और टीम्स जैसी सेवाएं शामिल हैं। ट्रैकिंग प्लेटफॉर्म्स के अनुसार, करीब 30 से 40 लाख कंपनियां अपने दैनिक कामकाज के लिए माइक्रोसॉफ्ट 365 पर निर्भर हैं। वहीं, कंपनी के डेटाबेस के मुताबिक, फॉर्च्यून 500 सूची में शामिल दुनिया की 90 प्रतिशत से अधिक कंपनियां माइक्रोसॉफ्ट के AI चैटबॉट कोपायलट का इस्तेमाल करती हैं।
यह भी पढ़ें:दिलजीत के इंदौर कॉन्सर्ट को तीसरी धमकी, अब मिला महापौर सचिवालय को उड़ाने का ईमेल
ऑस्ट्रेलिया के साइबर सुरक्षा विशेषज्ञ ट्रॉय हंट ने इस तकनीकी खराबी के व्यापक परिणामों की आशंका जताई है। उनके मुताबिक, इसका प्रभाव केवल माइक्रोसॉफ्ट के सीधे यूजर्स तक सीमित नहीं रहेगा। ऑनलाइन खरीदारी के दौरान ईमेल या OTP वेरिफिकेशन, नए अकाउंट बनाने, अपॉइंटमेंट से जुड़ी सूचनाएं प्राप्त करने और पहले से इस्तेमाल की जा रही डिजिटल सेवाओं तक पहुंचने में भी लोगों को परेशानी हो सकती है।