भोपाल। किसानों की समस्याओं और आम जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर बुधवार को समाजवादी पार्टी ने राजधानी भोपाल में शक्ति प्रदर्शन किया। ‘समाजवादी किसान पीडीए पंचायत’ के नाम से आयोजित इस प्रदर्शन में प्रदेश के अलग-अलग जिलों से किसान ट्रैक्टर और कारों से पहुंचे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के आवास का घेराव करने निकले सपा कार्यकर्ताओं को पुलिस ने लिंक रोड पर बैरिकेडिंग कर रोक दिया। इस दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर वॉटर कैनन का इस्तेमाल किया, जिसमें प्रदेश उपाध्यक्ष शिवराज यादव समेत कुछ कार्यकर्ता घायल हो गए।

समाजवादी पार्टी ने प्रदर्शन में 500 ट्रैक्टर लाने का दावा किया था। कार्यकर्ता तुलसी नगर में जेपी अस्पताल के सामने स्थित पार्टी के प्रदेश कार्यालय पर एकत्रित हुए। वहीं, खजूरी कला में पुलिस ने किसानों को रोक दिया। खजूरी-बैरागढ़ की ओर से ट्रैक्टरों के साथ आ रहे प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मनोज यादव का रूट भी डायवर्ट कर दिया गया, जिसके चलते वे प्रदर्शन स्थल पर समय से नहीं पहुंच सके।

प्रदर्शन के दौरान सपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मनोज यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों और आम जनता से किए गए वादे पूरे करने में नाकाम रही है। किसान खाद की किल्लत और अपनी उपज के उचित दाम के लिए परेशान हैं। युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा है और आम जनता महंगाई की मार झेल रही है। सरकार इन बुनियादी समस्याओं का समाधान करने के बजाय जनता की अनदेखी कर रही है।

प्रदर्शन में राष्ट्रीय सचिव शिव सिंह पटेल, सूफियान कुरैशी सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। पंचायत में किसानों ने भी मंच से अपनी समस्याएं रखीं। समाजवादी पार्टी ने किसानों को खाद की उपलब्धता सुनिश्चित करने, फसलों का उचित मूल्य दिलाने और युवाओं को रोजगार देने समेत विभिन्न मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद की।