जम्मू कश्मीर के कुलगाम जिले में सुरक्षाबलों ने CRPF पोस्ट पर हुए हमले के पांच दिन बाद बड़ी कार्रवाई की है। लारू इलाके में हुई मुठभेड़ में दो आतंकियों को मार गिराने का दावा किया गया है। कश्मीर जोन पुलिस के मुताबिक, मारे गए आतंकियों में लश्कर-ए-तैयबा (LeT) का कमांडर लतीफ भट और उसका साथी उमर शामिल हैं। हालांकि, सुरक्षा एजेंसियों को फिलहाल उमर का शव ही मिला है। लतीफ का शव बरामद नहीं होने से उसकी मौत को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में उसके घायल होकर कहीं छिपे होने की आशंका भी जताई गई है। इलाके में तलाशी अभियान जारी है।

सुरक्षाबलों को कुलगाम के लारू क्षेत्र में आतंकियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी। इसके बाद जम्मू कश्मीर पुलिस और सेना सहित अन्य सुरक्षा एजेंसियों की संयुक्त टीम ने इलाके की घेराबंदी कर तलाशी शुरू की। तलाशी अभियान के दौरान टीम संदिग्ध ठिकाने के करीब पहुंची तो वहां छिपे आतंकियों ने अचानक गोलीबारी शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में सुरक्षाबलों ने मोर्चा संभाला और दोनों तरफ से फायरिंग शुरू हो गई। करीब तीन घंटे तक चली इस मुठभेड़ के बाद दो आतंकियों को मार गिराने की जानकारी सामने आई।

ऑपरेशन के दौरान एहतियात के तौर पर मुठभेड़ स्थल के आसपास स्थित स्कूलों से बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। सुरक्षाबलों ने इलाके में तलाशी जारी रखी है। ताकि किसी अन्य आतंकी की मौजूदगी या संभावित ठिकाने का पता लगाया जा सके।

कुलगाम में यह कार्रवाई 11 नवंबर को नौपोरा अखरान में CRPF की पोस्ट पर हुए हमले के बाद शुरू किए गए अभियान का हिस्सा है। इस हमले में आतंकियों ने महज 15 सेकेंड के भीतर करीब 30 राउंड गोलियां चलाई थी। हमले में CRPF के तीन जवान घायल हो गए थे। घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया था जिसमें हमलावर तेजी से फायरिंग करते दिखाई दिए थे।

घायल जवानों की पहचान हेड कॉन्स्टेबल सोमवीर और कॉन्स्टेबल संतानो व राकेश दास के रूप में हुई है। तीनों CRPF की 46वीं बटालियन में तैनात हैं। हमले के बाद से ही सुरक्षा एजेंसियां आरोपियों की तलाश में अभियान चला रही थी।

जम्मू कश्मीर में पिछले छह महीनों के दौरान लश्कर-ए-तैयबा के चार कमांडरों के मारे जाने की जानकारी सामने आई है। इनमें लतीफ भट के अलावा जाकिर अहमद गनई, यासिर और मूसा उर्फ आसिफ फौजी के नाम शामिल हैं। जाकिर अहमद गनई को 8 जुलाई 2026 को शोपियां में सुरक्षाबलों ने मार गिराया था। वहीं, यासिर 4 सितंबर को ऑपरेशन असधर और मूसा उर्फ आसिफ फौजी 30 सितंबर को बडगाम में ऑपरेशन शेरुवाली के दौरान मारा गया था।

जम्मू कश्मीर में आतंकवाद के खिलाफ जारी अभियानों के बीच पिछले तीन सालों के आंकड़े भी सुरक्षा चुनौती की गंभीरता दिखाते हैं। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, साल 2024 से अब तक केंद्रशासित प्रदेश में 548 आतंकी घटनाएं दर्ज की गई हैं। इन घटनाओं में 45 सुरक्षाकर्मियों ने जान गंवाई है। जबकि, सुरक्षा बलों की कार्रवाई में 138 आतंकियों को मार गिराया गया है।