भोपाल। मध्य प्रदेश में कड़ाके की ठंड का दौर जारी है। उत्तर भारत से आ रही बर्फीली हवाओं से पूरा मध्य प्रदेश ठिठुर गया है। शनिवार को कई जिलों में बारिश होने की भी संभावना है। मौसम विभाग ने बारिश का अलर्ट जारी किया है। शनिवार सुबह भोपाल और रायसेन में हल्की बूंदाबांदी भी हुई।

राजधानी भोपाल में शुक्रवार को सीजन की तीसरी सबसे सर्द रात रही। भोपाल का न्यूनतम पारा 9.0 डिग्री पहुंच गया। गुरुवार को यह 9.4 डिग्री, इससे पहले 20 दिसंबर को 8.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया था। 3.1 डिग्री न्यूनतम तापमान के साथ नौगांव (छतरपुर) सबसे सर्द रहा। 15 से ज्यादा शहरों में रात का तापमान 10 डिग्री या इससे नीचे चला गया है। 

ग्वालियर, छतरपुर, टीकमगढ़, सतना, गुना समेत आधे प्रदेश में कड़ाके की ठंड है। यहां कोहरा छाने और पाला भी गिरने के आसार हैं। उत्तर से आ रही सर्द हवाओं के कारण इन जिलों में ठिठुरन बढ़ गई है।मौमस विभाग ने प्रदेश के जिन 20 जिलों में शीत लहर चलने का अलर्ट जारी किया है। इनमें सीधी, रीवा, मऊगंज, सतना, पन्ना, टीकमगढ़, निवाड़ी, शिवपुरी, भिंड, मुरैना, छतरपुर, ग्वालियर, दतिया, सागर, दमोह, पन्ना, कटनी, शहडोल, बालाघाट और मंडला शामिल हैं।

मौसम विभाग के मुताबिक आज भोपाल में न्यूनतम तापमान 9 डिग्री और अधिकतम तापमान 23 डिग्री, इंदौर में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री और अधिकतम तापमान 24 डिग्री, जबलपुर में न्यूनतम तापमान 9 डिग्री और अधिकतम तापमान 22 डिग्री, ग्वालियर में न्यूनतम तापमान 6 डिग्री और अधिकतम तापमान 15 डिग्री, सतना में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री और अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।