इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर के पॉश इलाके रेसकोर्स रोड स्थित एक बड़े बिल्डर को कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर 5 करोड़ रुपये की फिरौती की धमकी दी गई है। खुद को हैरी बॉक्सर बताने वाले शख्स ने व्हाट्सएप कॉल और वॉइस मैसेज के जरिए बिल्डर के बेटे की हत्या कराने की चेतावनी दी थी। मामले की सूचना मिलते ही क्राइम ब्रांच ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
क्राइम ब्रांच के डीसीपी राजेश त्रिपाठी के मुताबिक, बिल्डर विवेक दम्मानी के ऑफिस नंबर पर मंगलवार सुबह करीब 10:30 बजे व्हाट्सएप कॉल आया था। कॉल को ऑफिस की महिला कर्मचारी ने रिसीव किया था। फोन करने वाले ने कहा कि विवेक दम्मानी से कह दो 5 करोड़ रुपये दे दे नहीं तो उसके बेटे को कहीं भी गोली मरवा देंगे। साथ ही उसने यह भी दावा किया कि उनके पास बिल्डर और उसके बेटे की हर समय की लोकेशन मौजूद है। इसके अलावा धमकी देने वालों ने पुलिस के पास न जाने की चेतावनी दी थी।
यह भी पढ़ें:दिल्ली पुलिस ने 6 बांग्लादेशी नागरिकों को पकड़ा, मुठभेड़ के बाद हुई गिरफ्तारी
शुरुआत में स्टाफ ने कॉल को मजाक समझा लेकिन कुछ देर बाद उसी नंबर से धमकी भरा वॉइस मैसेज मिलने पर ऑफिस में हड़कंप मच गया। इसके बाद तुरंत बिल्डर को सूचना दी गई और मामला पुलिस तक पहुंचा। पुलिस जांच में सामने आया है कि हैरी बॉक्सर नाम का व्यक्ति लॉरेंस बिश्नोई गैंग का करीबी गुर्गा माना जाता है। फिलहाल पुलिस संबंधित मोबाइल नंबर, वॉइस मैसेज और आईपी एड्रेस को ट्रैक कर रही है। साइबर सेल की मदद से आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।
बताया जा रहा है कि इसी गैंग के नाम पर बिल्डर के अलावा चेतन सिंह पंवार और कुंवर सिंह भूरिया को भी धमकियां दी गई हैं। हालांकि, पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। इंदौर में इस तरह की धमकी का यह पहला मामला नहीं है। करीब एक महीने पहले तुकोगंज क्षेत्र के बिल्डर संजय जैन को भी इसी तरह की धमकी मिली थी। उस मामले में पुलिस ने अशोक नगर से मनीष नाम के युवक को गिरफ्तार किया था लेकिन मुख्य साजिशकर्ता तक पहुंच नहीं बन पाई थी।
यह भी पढ़ें:नोएडा के बाद MP के पीथमपुर में श्रमिकों का प्रदर्शन, तीन कंपनियों में काम ठप