जबलपुर। मध्य प्रदेश में एक और रेल हादसा हुआ है। इंदौर से चलकर जबलपुर आने वाली (22191) ओवरनाइट एक्सप्रेस के 2 कोच पटरी से उतर गए। इनमें एक पार्सल और एक AC कोच है। घटना में किसी तरह के जानमाल के नुकसान की खबर नहीं है।

घटना शनिवार सुबह जबलपुर रेलवे स्टेशन के पास की है। हादसा उस वक्त हुआ जब ट्रेन प्लेटफार्म नंबर 6 पर पहुंच रही थी। इसकी रफ्तार 20 किलोमीटर प्रति घंटे थी। उतरे कोच को फिर से पटरी पर लाने का काम चल रहा है। इससे अप ट्रैक बाधित हुआ है। ट्रेन में 10 से 12 कोच थे।

मामले की जानकारी मिलते ही पश्चिम-मध्य रेलवे (WCR) की महाप्रबंधक शोभना बंदोपाध्याय मौके पर पहुंचीं। उन्होंने हादसे की जांच के आदेश दे दिए हैं। WCR की जीएम शोभना बंदोपाध्याय ने चार सदस्यीय अधिकारियों की जांच टीम गठित कर दी है। जांच रिपोर्ट तीन दिन में पेश करने के लिए कहा गया है। डिरेल डिब्बे को उठाने की कवायद चल रही है। कुछ देर बाद उन्हें रेल कोचिंग डिपो में पहुंचा दिया जाएगा। 

पश्चिम मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हर्षित श्रीवास्तव का कहना है कि ट्रैक जल्द ही दुरुस्त कर लिया जाएगा। कुछ देर के लिए जरूर इटारसी से जबलपुर आने वाली ट्रेन को मदन महल स्टेशन पर रोका गया है।