भोपाल। क्या आपको पता है कि आजकल मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान बड़े खतरनाक मूड में हैं? शिवराज का मूड इतना खतरनाक है कि उनके दावे अनुसार वो मध्य प्रदेश के माफियाओं को ज़मीन में दस फीट नीचे तक गाड़ सकते हैं। यह दावा शिवराज ने खुद होशंगाबाद में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान किया है। 



शिवराज ने सुशासन दिवस के अवसर पर होशंगाबाद के बाबई में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि आज कल अपन खतरनाक मूड में हैं। गड़बड़ करने वालों को छोड़ेंगे ' फोड़ेंगे ' नहीं, फारम में है मामा। शिवराज ने आगे कहा कि एक तरफ माफियाओं के खिलाफ अभियान चल रहा है। मसल पावर का, रसूख का इस्तेमाल कर के कहीं अवैध कब्ज़ा कर लिया, कहीं भवन तान दिए, कहीं ड्रग माफिया, सुन लो रे मध्यप्रदेश छोड़ देना नहीं तो ज़मीन में गाड़ दूंगा दस फीट पता नहीं चलेगा कभी। कई कांग्रेस नेताओं ने इस पर आपत्ति जताई है। दिग्विजय सिंह ने पूछा है कि पंद्रह साल तो आप ही की सरकार थी।






 



यही नहीं दिग्विजय सिंह ने अन्य जगहों पर हो रहे अवैध कब्ज़ों पर भी सवाल उठाे हैं।






माफियाओं को यह चेतावनी देने वाले शिवराज खुद भूल जाते हैं कि प्रदेश में सत्ता में रहते हुए खुद उन्हें 15 वर्ष हो चुके हैं। जितना कड़क अंदाज़ वे अपने भाषणों में दिखा रहे हैं अगर उतनी ही कड़ाई और मुस्तैदी उनकी सरकार ने भी दिखाई होती, तो प्रदेश में माफियाओं को पनपने से रोका जा सकता था। माफियाओं को गाड़ देने की धमकी से ज़्यादा बेहतर यही होता कि मुख्यमंत्री अपने राज्य में माफियाओं को पनपते ही नहीं देते। तो आज उन्हें न तो ज़मीन में गाड़ने की नौबत आती और नहीं उन्हें भगाने में उनकी सरकार को कथित तौर पर इतना परिश्रम करना पड़ता।



बहरहाल, प्रदेश में माफिया राज होने की बात कबूलने वाले मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की नेतृत्व वाली मध्यप्रदेश सरकार ने कल अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिन के अवसर को सुशासन दिवस के रूप में मनाया। होशंगाबाद में कार्यक्रम से पहले शिवराज ने कन्या पूजन भी किया था। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृति में उनके गृह नगर ग्वालियर में एक विशाल स्मृति बनाने का योगदान किया है। बाकी घोषणाएं तो मुख्यमंत्री रोज़ ही करते हैं।