फरवरी के अंतिम सप्ताह में देशभर के मौसम ने अचानक करवट ले ली है। राजधानी दिल्ली से लेकर मध्य भारत के शहरों तक तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। जबकि, पहाड़ी इलाकों में ताजा बर्फबारी का असर अब मैदानी क्षेत्रों में भी महसूस किया जा रहा है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान छह राज्यों में बारिश की संभावना जताते हुए अलर्ट जारी किया है और 13 जिलों में घने कोहरे की चेतावनी दी है।

मौसम विभाग के अनुसार, मध्य प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, असम, सिक्किम, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। पहाड़ों पर हुई हालिया बर्फबारी के कारण मैदानी इलाकों में सुबह और शाम के समय हल्की ठंड बनी हुई है। हालांकि, दिन के तापमान में लगातार इजाफा देखा जा रहा है।

दिल्ली-एनसीआर में मौसम ने एक बार फिर बदलाव दिखाया है। विभाग के अनुमान के मुताबिक, 25 और 26 फरवरी को अधिकतम तापमान 30 से 31 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। जबकि, न्यूनतम तापमान 13 से 14 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है। अगले दो दिनों में तेज हवाएं चलने के आसार हैं जिससे सुबह और शाम के समय हल्की ठंड का एहसास बना रहेगा।

उत्तर प्रदेश में फिलहाल मौसम शुष्क बना हुआ है और बारिश को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सहारनपुर, बिजनौर, मुरादाबाद, मुजफ्फरनगर, रामपुर और बरेली समेत कई जिलों में सुबह हल्की ठंड महसूस की जा सकती है लेकिन दिन में तेज धूप के कारण तापमान बढ़ने की संभावना है।

वहीं, राजस्थान में गर्मी ने समय से पहले दस्तक देनी शुरू कर दी है। बीते 24 घंटों में बाड़मेर राज्य का सबसे गर्म इलाका रहा जहां अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, आने वाले एक सप्ताह तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहेगा और तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ोतरी हो सकती है।

पूर्वी भारत की बात करें तो पश्चिम बंगाल के दक्षिणी जिलों में मौसम सक्रिय रहने के संकेत हैं। कोलकाता समेत कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक की संभावना जताई गई है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। हालांकि, अगले सात दिनों में तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं बताई गई है।