भोपाल। मध्य प्रदेश सरकार में मंत्री विजय शाह की ऑपरेशन सिंदूर की जानकारी देने वाली कर्नल सोफिया कुरैशी को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद हंगामा मच गया है। कांग्रेस की ओर से उन्हें बर्खास्त करने की मांग की जा रही है। इंदौर में बुधवार को विजय शाह के विरुद्ध कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया।

इंदौर में कांग्रेस सेवादल के नेताओं ने गांधी प्रतिमा पर कर्नल सोफिया और सैन्य अधिकारी व्योमिका सिंह के पोस्टर लगाकर उनका दूध से अभिषेक किया और मंत्री विजय शाह से तत्काल इस्तीफे की मांग की। वहीं, शहर कांग्रेस और महिला मोर्चा ने मंत्री विजय शाह के खिलाफ नारेबाजी की और उनका पुतला फूंका। इस दौरान शहर कांग्रेस अध्यक्ष सुरजीत सिंह चड्ढा ने कहा कि विजय शाह का यह बयान अत्यधिक आपत्तिजनक है।

सेवादल के कार्यकारी अध्यक्ष विवेक खंडेलवाल और नेता गिरीश जोशी ने कहा कि सोफिया कुरैशी और व्योमिका सिंह जैसी भारत माता की बेटियों ने ऑपरेशन सिंदूर में अदम्य साहस दिखाकर पाकिस्तान को करारा जवाब दिया। लेकिन राज्य के मंत्री विजय शाह ने जिस भाषा में बात की, वह हमारी बहनों का अपमान है। अगर तत्काल इस्तीफा नहीं लिया तो कांग्रेस उग्र आंदोलन करेगी। इससे पहले मंगलवार शाम भोपाल में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शाह के घर के बाहर लगे नेम प्लेट पर कालिख पोती थी।

शाह के शर्मनाक बयान पर मचे बवाल के बाद BJP ने भी सक्रियता दिखाई है। मंगलवार देर रात बीजेपी के पूर्व विधायक मानवेंद्र सिंह कर्नल सोफिया कुरैशी के छतरपुर जिले के नौगांव स्थित निवास पर पहुंचे और परिजनों से मुलाकात की। BJP प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा के निर्देश पर भेजी गई इस टीम ने सोफिया को "देश की बेटी" बताते हुए समर्थन और सम्मान का संदेश दिया।

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे तक शाह के बयान की आलोचना कर चुके हैं। खड़गे ने एक एक्स पोस्ट में लिखा, 'मध्य प्रदेश सरकार के मंत्री ने देश की वीर बेटी कर्नल सोफिया कुरैशी के बारे में बेहद अपमानजनक और शर्मनाक टिप्पणी की है। पहलगाम हमले के बाद जब पूरा देश एकजुट था, तब BJP नेता सेना की बेटियों को नीचा दिखाने वाले बयान दे रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी को तत्काल विजय शाह को मंत्रिमंडल से बर्खास्त करना चाहिए।'