मध्य प्रदेश में मानसून का मौजूदा सिस्टम सबसे ज्यादा सक्रिय है। लगातार हो रही बारिश के बीच मौसम विभाग ने रतलाम, झाबुआ, धार, बड़वानी और इंदौर में अगले 24 घंटे के दौरान भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में 4 इंच से अधिक बारिश होने की संभावना है। जिससे कुछ इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। भारी बारिश को देखते हुए 12 अगस्त को भोपाल, खंडवा और गुना में सभी स्कूल बंद रखने का फैसला लिया गया है।

मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार को इंदौर और उज्जैन संभाग में बारिश का जोर सबसे अधिक रहेगा। रतलाम, झाबुआ, धार, बड़वानी और इंदौर में कई स्थानों पर तेज बारिश होने की संभावना है। लगातार पानी गिरने से निचले इलाकों और नदी-नालों के आसपास के क्षेत्रों में जलभराव तथा बाढ़ जैसी स्थिति बन सकती है।

राजधानी भोपाल समेत रायसेन, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, आलीराजपुर, बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, उज्जैन, नीमच, आगर-मालवा, मंदसौर, शाजापुर, देवास, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, ग्वालियर, गुना, शिवपुरी, दतिया, अशोकनगर, मुरैना, भिंड, श्योपुर और जबलपुर में भी बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। इन जिलों में कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश हो सकती है।

इसके अलावा कटनी, छिंदवाड़ा, सिवनी, नरसिंहपुर, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, पांढुर्णा, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, सागर, पन्ना, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में हल्की से मध्यम बारिश का अलर्ट है।

रविवार से शुरू हुआ बारिश का सिलसिला मंगलवार तक राजधानी भोपाल सहित प्रदेश के कई हिस्सों में जारी रहा। लगातार बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है। खासकर निचली बस्तियों और नदी-नालों के किनारे बसे गांवों में पानी पहुंचने से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बताया कि प्रदेश में राहत और बचाव दल अब तक 527 लोगों की जान बचा चुके हैं। उन्होंने कहा कि जिन इलाकों में अत्यधिक बारिश के कारण हालात बिगड़े हैं वहां प्रशासन की ओर से राहत पहुंचाने का काम लगातार जारी है।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि प्रदेश में इस बार अब तक सामान्य से करीब 15 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। हालांकि, जिन क्षेत्रों में बारिश अधिक हुई है वहां लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और प्रशासन राहत-बचाव के काम में जुटा हुआ है।

बारिश के मौजूदा दौर को देखते हुए प्रशासन ने नदी, नालों और निचले इलाकों के आसपास रहने वाले लोगों से सतर्क रहने को कहा है। अगले 24 घंटे में भारी बारिश वाले पांच जिलों में स्थिति पर विशेष नजर रखी जा रही है।