सेंधवा। मध्य प्रदेश के सेंधवा स्थित शासकीय सांदीपनि उत्कृष्ट माध्यमिक विद्यालय (सीएम राइज स्कूल) में मंगलवार सुबह करीब 9 बजे बड़ा हादसा हो गया। स्कूल भवन की छत का एक हिस्सा (छज्जा) अचानक टूटकर कक्षा के अंदर गिर गया। उस समय कक्षा में 8 से 9 छात्राएं मौजूद थी। मलबे की चपेट में आने से नौवीं कक्षा की दो छात्राएं घायल हो गई। घटना के तुरंत बाद स्कूल प्रबंधन ने दोनों छात्राओं को सेंधवा के सिविल अस्पताल पहुंचाया। वहां उनका उपचार जारी है।
घायल छात्रा प्रियंका ने बताया कि कक्षा में पढ़ाई चल रही थी। तभी अचानक छत का प्लास्टर टूटकर नीचे आ गिरा। हादसे के बाद स्कूल के शिक्षक और अन्य स्टाफ तुरंत मौके पर पहुंचे और छात्राओं को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल भेजा।
अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार, दोनों छात्राओं को सिर में मामूली चोटें आई हैं और उनकी हालत पूरी तरह खतरे से बाहर है। स्कूल के शिक्षक डॉ. संजीव निकुम ने बताया कि घायल दोनों छात्राएं नौवीं कक्षा की हैं। उन्होंने प्रारंभिक कारण बताते हुए कहा कि लगातार बारिश की वजह से छत में सीलन आ गई थी। जिसके चलते प्लास्टर टूटकर गिर गया। घटना की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को भी दे दी गई है।
गौरतलब है कि शहर की पहली सांदीपनि (सीएम राइज) स्कूल का नया भवन करीब 30 करोड़ रुपये की लागत से बनकर तैयार हो चुका है। हालांकि, फर्नीचर की व्यवस्था और अन्य विभागीय औपचारिकताएं पूरी नहीं होने के कारण भवन का अब तक हैंडओवर नहीं हो सका है। इसी वजह से विद्यालय का संचालन फिलहाल पुराने भवन में दो शिफ्टों में किया जा रहा है।