मुरैना। मध्य प्रदेश के मुरैना जिले से सोमवार को एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। कैलारस थाना क्षेत्र के अहरौली (एहरौली) गांव स्थित चमड़ा माता मंदिर में प्रसाद वितरण के दौरान मंदिर की छत का एक हिस्सा अचानक गिर गया। मलबे के नीचे दबने से तीन नाबालिग बच्चियों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि, एक दंपती और चार अन्य बच्चियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है।

घटना की सूचना मिलते ही कैलारस थाना पुलिस और स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंची। सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के मुताबिक, कुछ घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने मृत बच्चियों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में जांच शुरू कर दी गई है।

जानकारी के अनुसार, मंदिर परिसर में इन दिनों मरम्मत और निर्माण कार्य चल रहा था। सोमवार को मुंगावली से आए गौड़ समाज के श्रद्धालु मंदिर में प्रसाद चढ़ाने पहुंचे थे। प्रसाद वितरण के दौरान महिलाएं और बच्चियां मंदिर के आसपास मौजूद थी। इसी दौरान ऊपर चल रहे निर्माण के बीच छत का हिस्सा अचानक भरभराकर नीचे गिर पड़ा। गिरते ही मंदिर परिसर में अफरा-तफरी मच गई और कई लोग मलबे में दब गए।

हादसे में जान गंवाने वाली बच्चियों की पहचान वैष्णवी सिकरवार (11), पुत्री जीतू सिकरवार, करिश्मा गोस्वामी (9) और छाया गोस्वामी (7), दोनों पुत्रियां अशोक गोस्वामी के रूप में हुई है। तीनों बच्चियां अहरौली गांव की रहने वाली थीं और प्रसाद वितरण के दौरान मंदिर परिसर में मौजूद थीं। वहीं इस दर्दनाक हादसे में गुंजन (12), परी (8) और विद्या (6) पुत्रियां योगेंद्र सिंह, सतीश गौड (45), उनकी पत्नी पृथ्वी गौड (40) और पुत्री मानसी गौड (14) गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद ग्रामीणों ने बिना देर किए राहत और बचाव कार्य शुरू किया। मलबा हटाकर घायलों को बाहर निकाला गया और अस्पताल पहुंचाया गया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माण स्थल पर सुरक्षा के कोई ठोस इंतजाम नहीं किए गए थे जिसकी वजह से यह हादसा हुआ।

पुलिस ने परिजनों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज कर लिए हैं। प्रशासनिक अधिकारियों ने भी मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया और घायलों के बेहतर इलाज का भरोसा दिलाया है। वहीं, निर्माण कार्य से जुड़े ठेकेदार और अन्य जिम्मेदार लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और जांच के बाद जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।