गुना। मध्य प्रदेश के गुना में एक कुएं में गैस रिसाव होने से बड़ा हादसा हो गया। इस हादसे में पांच लोगों की मृत्यु हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है। यह घटना धरनावदा गांव में मंगलवार सुबह करीब 10 बजे हुई। यहां कुएं में एक बछड़ा गिर गया था, जिसे निकालने के लिए 6 लोग उतरे थे। इनमें से पांच की दम घुटने से मौत हो गई।
कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल, एसपी अंकित सोनी, GAIL की CISF यूनिट, SDERF समेत पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद है। शवों को कुएं से बाहर निकाला जा रहा है। SDERF टीम के मुताबिक, कुएं में करीब 12 फीट पानी है। जिसकी वजह से रेस्क्यू में दिक्कतें आ रही हैं।
यह भी पढे़ं: MSP पर मूंग खरीदी की व्यवस्था में सुधार करे सरकार, दिग्विजय सिंह ने सीएम मोहन यादव को लिखा पत्र
ग्रामीणों ने बताया कि कुआं आम के बाग में बना है। मंगलवार सुबह ठेकेदार के लोग आम तोड़ने पहुंचे थे। इसी दौरान बछड़ा वहां आ गया। बछड़े को भगाने के क्रम में वह कुएं में गिर गया। उसे बचाने के लिए एक के बाद एक 6 लोग कुएं में उतरते गए। इनमें से पांच लोगों की मौत हो गई।
मृतकों की पहचान सिद्धार्थ सहरिया पुत्र दिमान सिंह, गुरुदयाल ओझा पुत्र गंगाराम ओझा, शिवचरण साहू पुत्र भंवर लाल साहू, सोनू कुशवाह पुत्र पप्पू कुशवाह और मन्नू कुशवाह पुत्र श्रीकृष्ण कुशवाह के रूप में हुई है। वहीं पवन कुशवाह पुत्र ग्यारसी राम कुशवाह को जीवित बाहर निकाला गया है। उनका इलाज जारी है।