इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर के देवगुराड़िया स्थित ट्रेंचिंग ग्राउंड के पास रविवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ। यहां बारात से लौट रही एक कार ट्रक में जा घुसी। इस हादसे में चार युवकों की जान चली गई। जबकि, आठ अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना उस समय हुई जब कार चालक अचानक ब्रेक लगने के बाद सामने चल रहे ट्रक से टकरा गया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सभी लोग आष्टा से शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे। आगे चल रहे ट्रक में भूसा भरा था और बताया जा रहा है कि उसका चालक तेज रफ्तार में वाहन चला रहा था। ट्रेंचिंग ग्राउंड के पास ट्रक ने एक अन्य वाहन को ओवरटेक करने के बाद अचानक ब्रेक लगा दिया। पीछे आ रही क्वालिस (MP35-D-0363) का चालक समय पर नियंत्रण नहीं कर सका और वाहन सीधे ट्रक (MP41-GA-0949) में जा घुसा।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसके परखच्चे उड़ गए। मौके पर ही इरफान (24), आरिस (20) और फरहान (19) की मौत हो गई। जबकि, अरफाद (23) ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और चारों ओर चीख-पुकार सुनाई देने लगी। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू करते हुए घायलों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। सभी घायलों को एमवाय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उनका इलाज जारी है।

घटना से आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया। कुछ लोगों ने संबंधित वाहन में आग लगाने की कोशिश भी की। जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई थी। सूचना मिलते ही खुड़ैल पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाइश देकर स्थिति को नियंत्रित किया।

एएसपी रूपेश द्विवेदी ने बताया कि परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों के आधार पर ट्रक चालक से पूछताछ की जाएगी और मामले की जांच जारी है। इस हादसे में घायल हुए लोगों में आसिफ (38), मोहम्मद अली (22), अयान (17), सोनू (19), मोहम्मद कैफ (22), रेहान (21), अलफेज (18) और फैजान (16) शामिल हैं। फिलहाल इनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।