इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने इंसानियत को झकझोर कर रख दिया है। विजयनगर थाना क्षेत्र में एक ट्रांसजेंडर के साथ दुष्कर्म आर्थिक शोषण और विश्वासघात की गंभीर घटना उजागर हुई है। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

शिकायतकर्ता के मुताबिक, उसकी मुलाकात बीते साल एक कार्यक्रम के दौरान गजेंद्र सिंह नामक व्यक्ति से हुई थी। कार्यक्रम के बाद दोनों के बीच सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर बातचीत का सिलसिला शुरू हुआ और धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ती गईं। आरोपी ने भरोसा जीतने के लिए अपनापन और प्रेम का दिखावा किया जिसके चलते पीड़िता ने उसे अपने जीवन में जगह दे दी।

यह भी पढ़ें:MP में फर्जी डिग्री बनाने वाले गैंग का पर्दाफाश, फेक दस्तावेज से नौकरी कर रहे 8 शिक्षक गिरफ्तार

इसी दौरान एक दिन गजेंद्र सिंह पीड़िता के किराए के कमरे पर पहुंचा और उसने शादी का भरोसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। पीड़िता ने स्पष्ट रूप से बताया था कि वह ट्रांसजेंडर है और डॉक्टर की निगरानी में उसका जेंडर चेंज का इलाज चल रहा है। फिर भी आरोपी ने इससे पहले अनजान बनकर और बाद में झांसा देकर उसके साथ बार-बार शारीरिक संबंध बनाए और मानसिक दबाव बनाया।

मामले में आर्थिक शोषण भी सामने आया है। पीड़िता का कहना है कि आरोपी न केवल उस पर जेंडर चेंज का दबाव बनाता रहा बल्कि इलाज के नाम पर कई बार पैसे भी लेता रहा। धीरे-धीरे उधार की रकम बढ़कर लगभग 25 लाख रुपये तक पहुंच गई। जब पीड़िता ने शादी करने की बात कही तो आरोपी पीछे हट गया और धमकाने लगा।

यह भी पढ़ें:छत्तीसगढ़ में 13 दिन में नौ दवाओं के बैच फेल, सरकार ने बारकोड को किया अनिवार्य

शिकायत के बाद विजयनगर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए गजेंद्र सिंह के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 376 सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया। साथ ही ट्रांसजेंडर पर्सन्स (प्रोटेक्शन ऑफ राइट्स) एक्ट 2019 के प्रावधानों के तहत भी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और पूरे मामले की गहन जांच जारी है। पीड़िता का कहना है कि आरोपी ने उसके विश्वास का बेशर्म तरीके से दुरुपयोग किया है। पहले प्यार और शादी का हवाला दिया, फिर शारीरिक शोषण किया और लाखों रुपये हड़प लिए। अब पुलिस इस पूरे मामले की तह तक जाने में जुटी है ताकि पीड़िता को न्याय मिल सके।

यह भी पढ़ें:MP सिविल जज परीक्षा 2022 में महिलाओं ने मारी बाजी, इंदौर की भामिनी राठी बनीं टॉपर