राजगढ़। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के भोजपुर थाने में पुलिस विभाग की अनुशासनहीनता का मामला सामने आया है। यहां शनिवार शाम करीब 5 बजे एक सब-इंस्पेक्टर (एसआई) और असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर (एएसआई) के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों थाने के अंदर ही भिड़ गए। दोनों के बीच पहले कहासुनी हुई फिर धक्का-मुक्की और बाद में दोनों थाना परिसर के मैदान में गुत्थम गुत्था हो गए। इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों की भीड़ जमा हो गई और पूरा घटनाक्रम सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया।

जानकारी के अनुसार, भोजपुर थाने में पदस्थ एसआई विनोद मीना और एएसआई अशोक कटारिया के बीच बीट क्षेत्र में हस्तक्षेप और कथित हिस्सेदारी को लेकर विवाद शुरू हुआ था। दोनों डे ड्यूटी ऑफिसर की टेबल के पास बैठे थे। इसी दौरान बहस छिड़ी और देखते ही देखते तीखी नोकझोंक में बदल गई। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों एक-दूसरे को गालियां देते हुए धक्का-मुक्की करने लगे और थाने से बाहर निकलकर परिसर में पहुंच गए।

यह भी पढ़ें:MP में लॉरेंस विश्नोई गैंग का खौफ, भोपाल के कारोबारी से मांगी 10 करोड़ रुपए की फिरौती

थाना परिसर में स्थित चबूतरे के पास दोनों के बीच हाथापाई शुरू हो गई और वे एक-दूसरे से उलझ गए। अचानक मचे शोर-शराबे से माहौल तनावपूर्ण हो गया और आसपास के लोग भी घटनास्थल पर जुटने लगे। घटना की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी संगीता शर्मा अपने आवास से बाहर आई और पुलिस बल की मदद से दोनों को अलग कराया। टीआई ने तुरंत हस्तक्षेप करते हुए स्थिति को नियंत्रण में लिया और दोनों पुलिसकर्मियों को समझाइश देकर मामला शांत कराया।

थाना प्रभारी संगीता शर्मा के अनुसार, यह मामूली कहासुनी का मामला था जिसे समय रहते सुलझा लिया गया। उन्होंने बताया कि दोनों पुलिसकर्मियों के परिवार यहां नहीं रहते हैं। जिसकी वजह से मानसिक तनाव की स्थिति बनी रहती है और उसी कारण यह विवाद हुआ। फिलहाल दोनों को समझाकर शांत कर दिया गया है।

यह भी पढ़ें:जबलपुर: शिक्षा विभाग में करोड़ों का घोटाला, रिटायर्ड शिक्षकों के नाम पर गबन किए 1 करोड़ से ज्यादा रुपए, 14 पर FIR दर्ज