MP में लॉरेंस विश्नोई गैंग का खौफ, भोपाल के कारोबारी से मांगी 10 करोड़ रुपए की फिरौती
भोपाल के कारोबारी गौरव जैन को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के गुर्गे हैरी बॉक्सर ने विदेशी नंबर से कॉल कर 10 करोड़ की रंगदारी मांगी है। पैसे न देने पर हत्या की धमकी दी है।
भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में एक कारोबारी को अंतरराष्ट्रीय नंबरों से कॉल कर 10 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। कोलार रोड थाना क्षेत्र में हुई इस घटना में आरोपी ने खुद को हैरी बॉक्सर बताया। साथ ही उसने खुद को लॉरेंस गैंग से जुड़ा बताया। शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह प्रदेश में एक महीने के भीतर ऐसी चौथी घटना है।
पुलिस के अनुसार, पार्वती नगर निवासी 42 वर्षीय रियल एस्टेट और सराफा कारोबारी गौरव जैन को 18 मार्च की रात करीब 10:30 बजे एक विदेशी नंबर से व्हाट्सऐप कॉल आया था। कॉल करने वाले ने खुद को हैरी बॉक्सर बताते हुए कहा कि वह लॉरेंस गैंग से जुड़ा है और उन्हें 10 करोड़ रुपए तैयार रखने होंगे। आरोपी ने गौरव को अपने परिचितों से मिलने और इंटरनेट पर अपनी जानकारी देखने की बात भी कही।
पहले कॉल को कारोबारी ने नजरअंदाज कर दिया लेकिन 20 मार्च की सुबह करीब 10:56 बजे दूसरे अंतरराष्ट्रीय नंबर से फिर कॉल आया। इस बार आरोपी ने सीधे पैसे की मांग दोहराई और इनकार करने पर गाली गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। आरोपी ने कहा कि रकम नहीं देने पर उसके गुर्गे कहीं भी हमला कर सकते हैं। इसके बाद व्हाट्सऐप पर लगातार धमकी भरे ऑडियो मैसेज भी भेजे गए। जिनमें रैकी कराने और हथियार से हमला करवाने की बात कही गई। इससे घबराए कारोबारी ने पुलिस से सुरक्षा की मांग की है।
कोलार थाना प्रभारी संजय सोनी के मुताबिक, शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 351(4) के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस कॉल डिटेल, तकनीकी साक्ष्य, ऑडियो मैसेज और स्क्रीनशॉट के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।
यह भी पढ़ें:MP में बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि का कहर, 42 जिलों में फसलें बर्बाद, किसानों को भारी नुकसान
धमकी देकर पैसे मांगने का यह मामला अकेला नहीं है। इससे पहले इंदौर के साउथ तुकोगंज इलाके में रियल एस्टेट कारोबारी संजय जैन को भी लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर धमकी मिली थी। आरोपी ने उनसे भी 15 करोड़ रुपए की मांग की थी और वॉइस मैसेज भेजकर हत्या की धमकी दी थी। मामले में क्राइम ब्रांच ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की थी।
इसी कड़ी में खरगोन जिले के कसरावद क्षेत्र के भीलगांव में किसान कारोबारी दिलीप सिंह राठौड़ के घर पर फायरिंग की घटना भी सामने आई थी। बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने घर के बाहर गोलियां चलाई थी। इस वारदात की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली थी। गैंग के सदस्य हैरी बॉक्सर और आरजू बिश्नोई ने सोशल मीडिया पर इसकी पुष्टि की थी। पीड़ित परिवार को पहले से अंतरराष्ट्रीय नंबरों से कॉल और वॉइस नोट के जरिए 10 करोड़ रुपए की फिरौती मांगी गई थी।
यह भी पढ़ें:सागर में चलती कार बनी आग का गोला, डॉक्टर की पत्नी की जिंदा जलकर मौत, भाई ने लगाया हत्या का आरोप
इसके अलावा अशोकनगर में बिल्डर अंकित अग्रवाल को भी करीब एक महीने पहले इसी तरह धमकी दी गई थी। उन्हें तीन अलग-अलग इंटरनेशनल नंबरों से व्हाट्सऐप कॉल और वॉयस नोट भेजे गए थे। आरोपी ने खुद को हैरी बॉक्सर बताते हुए 10 करोड़ रुपए की मांग की और चेतावनी दी कि बिना पैसे लिए किसी को नहीं छोड़ा जाता है।




