भोपाल। मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। पार्टी से रूठ कर कांग्रेस में जाने वाले नेताओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बीजेपी का अब एक और बड़ा झटका लगा है। बीजेपी नेत्री रोशनी यादव ने इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के प्रति दिखावटी योजना एवं उनके प्रति बढ़ते अत्याचार को देखकर मैं आहत हूं।



पार्टी को सौंपे इस्तीफा पत्र में रोशनी यादव ने लिखा है कि, 'बहुत दुखी मन से आहत होकर मैं भाजपा की सदस्यता त्याग रही हूं। मेरे राजनीतिक सफर में कई अनुभव मुझे भाजपा में रहते मिले, जिसके लिए मैं आजीवन आभारी रहूंगी लेकिन गत कुछ वर्षो से शीर्ष नेतृत्व का कार्यकर्ताओं और आम जनमानस के प्रति निराशा, नीति और नेतृत्व में उदासीनता, महिलाओं के प्रति दिखावटी योजना एवं उनके प्रति बढ़ते अत्याचार को देखकर मैं आहत हूं, भाजपा की सदस्य होकर रोजाना जनता से उठ रहे बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, महंगाई के सवालों का उत्तर देने में असमर्थ हूं।'





रोशनी यादव ने आगे लिखा कि, 'जनता का न तो प्रदेश सरकार में विश्वास है ना ही केंद्र सरकार पर, जिस दल से जनता खुश नहीं है उस दल में रहकर सेवा नहीं किया जा सकता है। भाजपा सरकार में भाजपा संगठन के ही कार्यकर्ताओं की अनदेखी और उनके साथ द्वैत व्यवहार के चलते प्रदेश में भाजपा की लगातार छवि खराब हो रही है। भाजपा कार्यकर्ता जब भी संगठन के उच्च अधिकारियों से या सरकार के मंत्रियों और नेताओं से अपनी समस्या साझा करते हैं, तो मंत्री और नेता तथा पदाधिकारी निराकरण को दूर उनकी बात तक नहीं सुनते। कार्यकर्ताओं की इस स्तर की उपेक्षा से मैं आहत हूं।' 



यादव ने आगे लिखा है कि, 'निवाड़ी जिले की जनता लगातार भाजपा शासन में स्वयं को पीड़ित महसूस कर रही है। चूंकि जनता की पीड़ा मेरी अपनी भी पीड़ा है। इसलिए नेतृत्व को भाजपा की प्राथमिक सदस्यता एवं जिला उपाध्यक्ष पद से अपना इस्तीफा सौंप रही हूं।' रोशनी यादव के इस्तीफे के बाद अब कयास लगाए जा रहे हैं कि वह कांग्रेस में शामिल हो सकती हैं। रोशनी यादव, पूर्व राज्यपाल रामनरेश यादव की पौत्र वधू हैं। वह निवाड़ी जिला उपाध्यक्ष और जिला पंचायत भी सदस्य हैं।



बता दें कि मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले सत्ताधारी दल बीजेपी में भगदड़ की स्थिति उत्पन्न हो गई है। एक के बाद एक भाजपा के कद्दावर नेता पार्टी छोड़कर कांग्रेस में शामिल हो रहे हैं। पिछले दो महीनों में बीजेपी को कई बड़े झटके लगे हैं। पिछले हफ्ते ही में नीमच के कद्दावर नेता समंदर पटेल ने कांग्रेस का दामन थामा था। इससे पहले दीपक जोशी, ध्रुव प्रताप सिंह जैसे दिग्गज भी भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए हैं।