भोपाल। राजधानी भोपाल के निशातपुरा इलाके में पुलिस ने करीब 96 लाख रुपए कीमत की 1075 पेटी अंग्रेजी शराब जब्त की है। शराब आयशर ट्रक में भरकर ले जाई जा रही थी। पुलिस को देखकर चालक ने ट्रक रोकने के बजाय रफ्तार बढ़ा दी और भागते समय आधार अस्पताल के पास एक कार को टक्कर मार दी। पुलिस ने पीछा कर पीपुल्स मॉल के पास ट्रक को पकड़ लिया। मामले में 38 वर्षीय चालक राम किशन बमोरिया को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, 18 नवंबर की रात वायरलेस सेट पर सूचना मिली थी कि गांधीनगर की ओर से एक आयशर ट्रक तेज रफ्तार में करोंद की तरफ जा रहा है। इसके बाद निशातपुरा पुलिस की टीम ने करोंद चौराहे पर ट्रक को रोकने की कोशिश की लेकिन चालक पुलिस को देखकर नहीं रुका। वह तेजी से आगे बढ़ा और आधार अस्पताल के पास एक कार को टक्कर मारकर निकल गया। पुलिस टीम ने पीछा जारी रखा और पीपुल्स मॉल के नजदीक ट्रक को घेरकर रोक लिया।

यह भी पढ़ें:जबलपुर में ट्रक ने 5 लोगों को कुचला, ढाबे के बाहर आग ताप रहे 3 लोगों की मौत और 2 घायल

ट्रक की तलाशी लेने पर उसमें शराब की 1075 पेटियां मिली। इनमें ब्लैक फोर्ट प्रीमियम रम की 90, 180 और 750 एमएल की बोतलें रखी थी। पुलिस ने कुल करीब 9700 लीटर शराब जब्त की है। ट्रक की कीमत लगभग 20 लाख रुपए आंकी गई है। जांच के दौरान चालक शराब के क्रय विक्रय और परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका। पेटियों पर SOM Distilleries & Breweries Ltd. का नाम और ग्राम रोजराचक, जिला रायसेन का पता लिखा मिला है। हालांकि, शराब कहां से लाई गई थी और किस जगह पहुंचाई जानी थी इसकी जांच की जा रही है।

गिरफ्तार चालक की पहचान मंडीदीप निवासी राम किशन बमोरिया (38) के रूप में हुई है। पुलिस ने ट्रक क्रमांक MP04YJ9902 समेत शराब जब्त कर ली है। निशातपुरा थाने में आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब शराब की सप्लाई से जुड़े नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि अवैध परिवहन में चालक के अलावा और कौन कौन लोग शामिल थे।

यह भी पढ़ें:सैफ अली खान को मिली जान से मारने की धमकी, बाबा सिद्दीकी मर्डर के आरोपी जीशान अख्तर का जुड़ा नाम