सुसनेर। मध्य प्रदेश के आगर मालवा जिले के सुसनेर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक भैरोसिंह परिहार के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिहार के बड़े बेटे गजेंद्र सिंह का गुरुवार सुबह हार्ट अटैक से निधन हो गया। 38 वर्षीय गजेंद्र बड़ौद स्थित अपने घर पर थे। सुबह करीब 9:30 बजे सीने में तेज दर्द और घबराहट होने पर परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

गजेंद्र सिंह किसान होने के साथ राजनीति में भी सक्रिय थे। वे राजस्थान के भवानीमंडी कृषि उपज मंडी के पूर्व चेयरमैन रह चुके थे। इसके अलावा उनका पेट्रोल पंप, क्रेशर मशीन और ठेकेदारी का व्यवसाय भी था। परिवार में पत्नी और दो बच्चे हैं।

विधायक भैरोसिंह परिहार के बड़े छोटे महेंद्र सिंह का भी 6 मार्च 2024 को बीमारी के चलते निधन हो गया था। विधायक के दो ही बेटे थे। अब दोनों का निधन हो चुका है। छोटे बेटे के निधन की खबर मिलते ही विधायक परिहार आगर पहुंचे। वे उस समय विधानसभा क्षेत्र के दौरे पर जाने वाले थे।

गजेंद्र सिंह के निधन की खबर से सुसनेर विधानसभा क्षेत्र और जिले में शोक की लहर है। उनका अंतिम संस्कार पैतृक गांव रतनपुरा में किया जाएगा। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने गजेंद्र के निधन पर शोक व्यक्त की है। पटवारी ने एक्स पोस्ट में लिखा, 'सुसनेर से कांग्रेस विधायक श्री भेरों सिंह जी परिहार (बापू) के सुपुत्र श्री गजेन्द्र सिंह परिहार जी (बबलू) के आकस्मिक निधन का समाचार अत्यंत पीड़ादायक और हृदयविदारक है। मेरी गहरी संवेदनाएं परिहार परिवार के साथ हैं। ईश्वर से प्रार्थना है दिवंगत आत्मा को श्रीचरणों में स्थान दें एवं शोकाकुल परिवार को यह अपार दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।'