भोपाल। राजधानी भोपाल समेत प्रदेश के कई जिलों में रुक-रुककर वर्षा का दौरा जारी है। कई स्थानों पर बादल छाए हुए हैं। सूरज नहीं निकलने, बारिश और बादल की वजह से वातावरण में ठंड बढ़ गई है। दरअसल अरब सागर में हो रही गतिविधियों की वजह से प्रदेश का मौसम बदल रहा है। मध्यप्रदेश के सीहोर, मंडला, डिंडौरी, बालाघाट में लगातार कई दिनों से बारिश हो रही है। मौसम विभाग के मुताबिक आगामी 24 घंटे में होशंगाबाद, जबलपुर, सीहोर, भोपाल, बैतूल, छिंदवाड़ा, विदिशा, सिवनी, डिंडोरी, बालाघाट और मंडला में और बारिश के आसार हैं। जबलपुर, ग्वालियर, उज्जैन, भोपाल और पचमढ़ी समेत स्थानों पर कोहरा छाया रहेगा।
मौसम विभाग ने कहा है कि अगले 24 घंटे तक भोपाल में कोहरा और बारिश का दौर जारी रहेगा। सोमवार को भोपाल की विजिबिलिटी 600 मीटर तक रही। गौरतलब है कि एक हफ्ते में भोपाल में दिन के तापमान में 10 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है।
वहीं पचमढ़ी में सबसे ज्यादा ठंड पड़ रही है, यहां रात का पारा लगातार गिर रहा है। रविवार रात सबसे ठंडी रात थी, इस दौरान पारा 5.6 रहा। वहीं भोपाल में सोमवार को दिन और रात के तापमान में केवल 3 डिग्री का अंतर रिकार्ड किया गया है। भोपाल का अधिकतम तापमान सामान्य से 5.4 डिग्री सेल्सियस कम 21.0 डिग्री रिकार्ड हुआ। वहीं रात में सामान्य से 6.3 डिग्री ज्यादा 17.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ मंगलवार तक उत्तर भारत से आगे बढ़ने जा रहा है। जिससे हवा का रुख उत्तरी होने की संभावना है, धूप निकलने के बाद दिन का तापमान धीरे-धीरे बढ़ने लगेगा, लेकिन रात के तापमान में तेजी से गिरावट होने का अनुमान है। प्रदेश के कई इलाकों में कहीं-कहीं शीतलहर भी चलने की आशंका है।कोहरे की वजह से भोपाल आने वाली कई फ्लाइट्स देरी से आ रही हैं।