नई दिल्ली। पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद देश में ईंधन की कीमतें बढ़ने लगी है। विगत 10 दिनों में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में तीसरी बार बढ़ोतरी की गई है। शनिवार को पेट्रोल 87 पैसे प्रति लीटर और डीजल 91 पैसे प्रति लीटर महंगा हो गया। ईंधन की लगातार बढ़ती कीमतों ने आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है। मध्य प्रदेश के खजुराहो से भाजपा सांसद वीडी शर्मा की पत्नी ने कीमतों में बढ़ोतरी के फैसले पर तंज कसा है।

मध्य प्रदेश बीजेपी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व लोकसभा सांसद वीडी शर्मा की पत्नी स्तुति मिश्रा ने सोशल मीडिया पोस्ट कर तंज कसा है। उन्होंने एक फेसबुक पोस्ट में लिखा, 'हम उस समय में है की वो दिन दूर नहीं की बैंक होम लोन, कार लोन, बिज़नेस लोन के साथ पेट्रोल और डीजल लोन भी उपलब्ध कराएगा 10 फीसदी ईएमआई के साथ। ये दौर बड़ा ख़राब है इतिहास का, लड़ाई किसी की, युद्ध किसी का नुक़सान आम जानता का।'

पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों वीडी शर्मा की पत्नी के इस फेसबुक पोस्ट ने सियासी हलचलें तेज कर दी है। इस पोस्ट पर कई यूजर्स ने दिलचस्प प्रतिक्रिया भी दी। बहरहाल, मामले पर भाजपा सांसद वीडी शर्मा या पार्टी के किसी अन्य नेता का कोई बयान सामने नहीं आया है।

बता दें कि पेट्रोलियम कंपनियों ने 9 दिन के भीतर तीसरी बार पेट्रोल और डीजल के रेट में बढ़ोतरी कर दी है। शनिवार को पेट्रोल की कीमत 87 पैसे और डीजल की कीमत 91 पैसे प्रतिलीटर बढ़ाई गई है। इसके चलते मध्य प्रदेश में पेट्रोल 1 रुपए या इससे ज्यादा महंगा हुआ है।