देशभर में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। तेलंगाना में हीटवेव के कारण अब तक 16 लोगों की मौत हो चुकी है। राज्य के राजस्व मंत्री पोंगुलेटी श्रीनिवास रेड्डी ने शनिवार को इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि सबसे ज्यादा मौतें जयशंकर भूपालपल्ली जिले में हुई हैं। सरकार ने सभी मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। वहीं, मौसम विभाग ने बिहार, झारखंड, राजस्थान, तेलंगाना, ओडिशा, छत्तीसगढ़ और पूर्वी मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में भीषण लू का अलर्ट जारी किया है।
शनिवार को अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक के बाद मंत्री पोंगुलेटी श्रीनिवास रेड्डी ने बताया कि हीटवेव से प्रभावित जिलों के कलेक्टरों की रिपोर्ट के आधार पर मौतों का आंकड़ा सामने आया है। जयशंकर भूपालपल्ली जिले में सबसे अधिक चार लोगों की जान गई है। इसके अलावा वारंगल, करीमनगर और निजामाबाद में तीन-तीन लोगों की मौत हुई है। वहीं, जोगुलम्बा गडवाल, रंगा रेड्डी और सूर्यापेट जिलों में एक-एक व्यक्ति की मौत दर्ज की गई है।
यह भी पढ़ें:भोपाल में देश का पहला एल्गी ट्री, 25 पेड़ों के बराबर करेगा एयर प्योरिफिकेशन
राज्य सरकार ने इस आपदा में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों को राहत देने का फैसला किया है। आधिकारिक विज्ञप्ति के मुताबिक, प्रत्येक मृतक के परिजनों को चार लाख रुपए की अनुग्रह राशि प्रदान की जाएगी। सरकार ने लोगों से दोपहर के समय घर से बाहर न निकलने, पर्याप्त पानी पीने और धूप से बचाव के उपाय अपनाने की अपील भी की है।
तेलंगाना में लगातार बढ़ते तापमान के कारण आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। तेज धूप और उमस भरी गर्मी से सबसे ज्यादा परेशानी बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को हो रही है। मौसम विभाग पहले ही लोगों को सतर्क रहने और लू से बचाव के लिए जरूरी सावधानियां बरतने की सलाह दे चुका है।
यह भी पढ़ें:इंदौर में गहराया जल संकट, टैंकरों पर निर्भर हुए हजारों परिवार, विरोध में सड़कों पर उतरे लोग
दूसरी ओर भारतीय मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में कई राज्यों में गर्मी और बढ़ने की चेतावनी दी है। विभाग के अनुसार, पूर्वी मध्य प्रदेश, पूर्वी उत्तर प्रदेश और विदर्भ के कुछ हिस्सों में तीव्र लू चल सकती है। इसके अलावा बिहार, राजस्थान, झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना में भी हीटवेव का असर बने रहने की संभावना जताई गई है। कई क्षेत्रों में रात के समय भी तापमान सामान्य से अधिक रहने और उमस बढ़ने का अनुमान है।
राजस्थान में भी गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है। जयपुर स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, राज्य के अधिकांश हिस्सों में अगले एक सप्ताह तक मौसम शुष्क बना रहेगा। 24 मई से तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने की संभावना है। विभाग ने राज्य के कई इलाकों में उष्णलहर और कहीं-कहीं तीव्र उष्णलहर चलने का अनुमान जताया है। हालांकि, शनिवार को कुछ क्षेत्रों में 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी हवाएं चलने की संभावना है। जिसकी वजह से लोगों को आंशिक राहत मिल सकती है।
यह भी पढ़ें:देवास पटाखा फैक्ट्री ब्लास्ट: अस्पताल में भर्ती 2 और लोगों ने तोड़ा दम, मृतकों की संख्या बढ़कर 8 हुई