भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में चंदन तस्करों का आतंक बढ़ता जा रहा है। आलम ये है कि शीतकालीन सत्र के बीच तस्कर विधानसभा के भीतर घुस गए। इतना ही नहीं उन्होंने परिसर से चंदन के पेड़ों की चोरी की कोशिश की गई। चोरों ने तीन पेड़ों को निशाना बनाया। इस वारदात ने विधानसभा की सुरक्षा पर सवाल उठा दिए हैं।

बताया जा रहा है कि शीतकालीन सत्र के चौथे दिन गुरुवार को सुबह जब अधिकारी-कर्मचारी विधानसभा पहुंचे तो पार्किंग में लगे चंदन के पेड़ों में से एक पेड़ पूरी तरह कटा मिला। परिसर में लगे दो और चंदन के पेड़ों पर भी आरी चलाने के निशान मिले हैं। इन पेड़ों को गंभीर नुकसान हुआ है।

विधानसभा परिसर में पेड़ों की कटाई और चोरी की कोशिश ने विधानसभा की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। चूंकि, इन दिनों शीतकालीन सत्र चल रहा है और विधानसभा के आसपास हाई लेवल सिक्योरिटी है। सुरक्षा अमला मामले की जांच में जुट गया है। अपराधियों की पहचान के लिए सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। 

मामले पर पूर्व गृह मंत्री बाला बच्चन ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार पूरी तरह से सत्ता के नशे में मदहोश है। जब चंदन के पेड़ों की सुरक्षा विधानसभा में नहीं हो पा रही तो समझ सकते हैं कि सरकार कितनी गहरी नींद में सोई है। पुलिस अवैध वसूली और लोगों को ठगने में लगी है। खुद मुख्यमंत्री मोहन यादव के पास गृह मंत्रालय का प्रभार है। विधानसभा मध्य प्रदेश की सर्वोच्च संस्था है। यहां पेड़ कट गए हैं तो प्रदेश में लॉ एंड ऑर्डर की स्थिति का अनुमान लगा लीजिए।