नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के शाहदरा इलाके के विवेक विहार में रविवार तड़के एक चार मंजिला रिहायशी इमारत में लगी भीषण आग लग गई। बिल्डिंग में लगी आग की वजह से 9 लोगों की जान चली गई। मृतकों में 4 पुरुष, 4 महिलाएं और डेढ़ साल का एक मासूम बच्चा शामिल है। आग लगने की सूचना सुबह करीब 3:47 बजे दमकल विभाग को मिली थी। जिसके बाद कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
घटना के दौरान फायर ब्रिगेड और रेस्क्यू टीम ने 10 से 15 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इनमें दो लोग घायल हुए हैं। जिनमें से एक लगभग 30 प्रतिशत तक झुलस गया है और उसे गुरु तेग बहादुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अधिकारियों के मुताबिक, आग इमारत के पिछले हिस्से से शुरू हुई थी।
दिल्ली फायर सर्विस के अनुसार, बिल्डिंग के हर फ्लोर पर दो 4BHK फ्लैट थे। आग लगने के बाद हालात इतने भयावह हो गए कि कई लोग जान बचाने के लिए ऊपर की ओर भागे लेकिन सीढ़ियों का दरवाजा बंद होने के कारण वे बाहर नहीं निकल सके। मृतकों के शव अलग-अलग मंजिलों से बरामद किए गए थे। पहले फ्लोर से एक, दूसरे फ्लोर से पांच और सीढ़ियों के पास से तीन शव मिले थे।
दूसरी मंजिल पर एक ही परिवार के पांच सदस्यों की मौत हो गई। जिनकी पहचान अरविंद जैन (60), उनकी पत्नी अनीता जैन (58), बेटे निशांत जैन (35), बहू आंचल जैन (33) और पोते आकाश जैन (1.5) के रूप में हुई है। तीसरी मंजिल पर नितिन जैन (50), उनकी पत्नी शैले जैन (48) और बेटे सम्यक जैन (25) मृत पाए गए। वहीं, पहली मंजिल पर शिखा जैन (45) की मौत हो गई। जबकि, उनके पति नवीन जैन (48) घायल हैं।
स्थानीय पार्षद पंकज लूथरा ने बताया कि आग इतनी भीषण थी कि कई शव पूरी तरह जल चुके हैं और उनकी पहचान करना मुश्किल हो गया है। ऐसे मामलों में DNA जांच के जरिए ही मृतकों की पुष्टि की जा सकेगी।
आग लगने के कारण को लेकर फिलहाल स्थिति साफ नहीं है। कुछ लोगों ने शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई है। जबकि, अन्य के मुताबिक एयर कंडीशनर में धमाका होने के बाद आग फैली। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही असली वजह सामने आएगी।
रेस्क्यू ऑपरेशन में एक बड़ी चुनौती यह भी रही कि इमारत की खिड़कियों और बालकनियों पर लोहे की ग्रिल और रॉड लगी हुई थी। जिससे लोगों को बाहर निकालना मुश्किल हो गया।
इस घटना से कुछ दिन पहले ही 29 अप्रैल को दिल्ली से सटे गाजियाबाद में भी एक बहुमंजिला इमारत में आग लगी थी। गौर ग्रीन एवेन्यू सोसाइटी के 15 मंजिला टावर में लगी उस आग ने सात मंजिलों को अपनी चपेट में ले लिया था। हालांकि, उस हादसे में सभी लोग सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे थे।