गुजरात में मंगलवार को बम धमकी वाले ईमेल मिलने के बाद कई शहरों में प्रशासन और पुलिस महकमा अलर्ट पर आ गया। सूरत नगर निगम (SMC), वडोदरा नगर निगम (VMC), जामनगर नगर निगम और वडोदरा के समा क्षेत्र स्थित नवरचना स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस, बम निरोधक दस्ते (BDDS) और डॉग स्क्वॉड की टीमों ने संबंधित परिसरों की गहन तलाशी ली। हालांकि, शुरुआती जांच में कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई।

सूरत में सुबह करीब 11 बजे महापौर कार्यालय के आधिकारिक ईमेल पते पर धमकी भरा संदेश प्राप्त हुआ। सूचना मिलते ही पूरे निगम परिसर को खाली करा लिया गया और भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया। एसीपी आर.आर. आहिर ने बताया कि बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वॉड ने परिसर की जांच की लेकिन अब तक कोई विस्फोटक या संदिग्ध सामग्री नहीं मिली है। मामले की जांच जारी है।

वहीं, वडोदरा नगर निगम के अधिकारियों को भी उनके आधिकारिक ईमेल खातों पर इसी तरह की धमकी मिली थी। ईमेल नगर आयुक्त और महापौर के कार्यालय तक पहुंचा। जिसके बाद वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस टीम मौके पर पहुंची तथा पूरे परिसर की सुरक्षा जांच कराई गई।

यह भी पढ़ें:वडोदरा में भीषण सड़क हादसा, ट्रक और बस की टक्कर में 6 की मौत और 27 घायल

इसी बीच वडोदरा के समा इलाके में स्थित नवरचना स्कूल को भी बम विस्फोट की धमकी दी गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ता स्कूल परिसर में पहुंचा और पूरे कैंपस की तलाशी शुरू की गई। एहतियात के तौर पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई।

जामनगर नगर निगम को भी एक गुमनाम ईमेल भेजकर निगम भवन को बम से उड़ाने की चेतावनी दी गई। धमकी मिलने के बाद प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस ने तुरंत सुरक्षा उपाय लागू किए और भवन की जांच शुरू कर दी।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गुजरात में इससे पहले भी कई सरकारी कार्यालयों और संस्थानों को इस तरह के धमकी भरे ईमेल मिल चुके हैं। इनमें से अधिकांश बाद में फर्जी साबित हुए थे। इसके बावजूद इस बार भी किसी तरह की लापरवाही न बरतते हुए सभी सुरक्षा प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें:इंदौर के महावीर नगर में सीवरेज लाइन से मिला पीने का पानी, दूषित जल से 10 लोग बीमार

साइबर क्राइम पुलिस ने धमकी भरे ईमेल के स्रोत का पता लगाने और उसे भेजने वाले व्यक्ति की पहचान करने के लिए जांच शुरू कर दी है। फिलहाल सभी प्रभावित परिसरों में सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं और अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।