चंडीगढ़। आम आदमी पार्टी के नेता भगवंत मान ने पंजाब के 17वें मुख्यमंत्री के रूप में बुधवार को पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। मान ने पंजाबी भाषा में सीएम पद की शपथ ली। शहीद-ए-आज़म भगत सिंह के गांव खटकड़ कलां गांव में आयोजित भव्य समारोह में राज्य के गवर्नर बनवारीलाल पुरोहित ने उन्हें शपथ दिलाई।



शपथग्रहण के बाद भगवंत मान ने अपने चित परिचित अंदाज में शेर सुनाते हुए कहा कि हुकूमत वह करते हैं, जिनका दिलों पर राज होता है। यूं तो मुर्गे के सिर पर भी ताज होता है। उन्होंने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि हमें किसी भी तरह के अहंकार और टकराव से बचना है। हमें अहंकार नहीं करना चाहिए। अहंकार का सिर हमेशा नीचा होता है और वक्त की ही तो बात है, जो किसी का नहीं रहता।



यह भी पढ़ें: लोकतंत्र को हैक करने के लिए सोशल मीडिया का दुरुपयोग किया जा रहा है: सोनिया गांधी



भगवंत मान ने कहा कि, 'लोगों ने जितना प्यार मुझे दिया है, उसका कर्ज तो मैं जन्मों तक नहीं उतार पाऊंगा। भगत सिंह हमेशा सोचते थे कि देश आजाद तो हो जाएगा, लेकिन किन हाथों में जाएगा। अब हम उनका सपना साकार करेंगे। हम पंजाब के स्कूलों एवं अस्पतालों को ऐसा बनाएंगे कि बाहर से आए लोग यहां से सेल्फी लेकर जाएंगे। सरकार उन लोगों की भी है, जिन्होंने हमें वोट नहीं दिया है। अरविंद केजरीवाल जी का मैं धन्यवाद दूंगा, जिन्होंने देश की राजनीति के सुधार के लिए पार्टी का गठन किया।'



भगवंत मान ने एक ट्वीट में लिखा कि, 'पंजाब की ख़ुशहाली और शहीदों के सपनों को पूरा करने के लिए ग्रहण की गई यह बदलाव की शपथ पंजाब को हसता खेलता रंगला पंजाब बनाएगी। शिक्षा, व्यापार, किसानी व रोजगार को शिखरों पर पहुँचाएगी। आप की सरकार, बनाएगी सुनहरा और रंगला पंजाब।' 





बता दें कि शपथग्रहण के लिए भगत सिंह के गांव को बसंती रंग में रंग दिया गया, और वहां पहुंचे अधिकतर लोग भी बसंती पगड़ी और बसंती रंग के ही दुपट्टे पहने हुए थे। शपथग्रहण कार्यक्रम में दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल, डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया समेत केजरीवाल कैबिनेट के सभी मंत्री मौजूद थे।