मुंबई। दिग्गज बॉलीवुड एक्टर धर्मेंद्र को आखिरकार अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। 89 वर्षीय अभिनेता कई दिनों से मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती थे। मंगलवार सुबह करीब 7:30 बजे उन्हें डिस्चार्ज किया गया। अभिनेता के छोटे बेटे बॉबी देओल खुद एम्बुलेंस में अपने पिता को घर लेकर पहुंचे। परिवार ने फिलहाल यह निर्णय लिया है कि धर्मेंद्र का आगे का इलाज घर पर ही जारी रहेगा।
बीते कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर धर्मेंद्र को लेकर कई तरह की अफवाहें और झूठी खबरें फैलाई जा रही थीं। इन अफवाहों पर अब पूर्ण विराम लग गया है क्योंकि अभिनेता स्वस्थ होकर घर लौट आए हैं। अस्पताल से घर पहुंचने के दौरान एम्बुलेंस के साथ परिवार के कुछ सदस्य मौजूद रहे थे। परिवार ने इस समय मीडिया से दूरी बनाए रखी है और अनुरोध किया है कि धर्मेंद्र के स्वास्थ्य को लेकर अफवाहें न फैलाई जाएं।
धर्मेंद्र हिंदी सिनेमा के उन अभिनेताओं में गिने जाते हैं जिन्होंने अपने अभिनय और सादगी से करोड़ों दर्शकों का दिल जीता है। उनके अस्पताल में भर्ती होने की खबर से फैन्स चिंतित थे और लगातार सोशल मीडिया पर उनके स्वस्थ होने की दुआ कर रहे थे। मंगलवार सुबह जब उनके डिस्चार्ज होने की जानकारी सामने आई तो फैन्स ने सोशल मीडिया पर राहत की सांस ली और गॉड ब्लेस यू धरम पाजी जैसे संदेश शेयर किए।
जानकारी के अनुसार, अभिनेता की हालत अब स्थिर है और डॉक्टरों ने उन्हें कुछ दिनों तक आराम और डॉक्टरों की निगरानी में रहने की सलाह दी है। परिवार के एक करीबी ने बताया कि धर्मेंद्र की देखरेख में उनका पूरा परिवार जुटा हुआ है। छोटे बेटे बॉबी देओल के अलावा बड़े बेटे सनी देओल और बहू तान्या भी लगातार संपर्क में हैं।