नई दिल्ली। 
बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता सलमान खान और उनके पिता सलीम खान को जान से मारने की धमकी मिली है। सलमान खान और उनके पिता सलीम खान को जान से मारने की धमकी रविवार को एक पत्र के जरिये मिली है। मुंबई के बांद्रा पुलिस थाने ने अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जाँच शुरू कर दी है। मुंबई पुलिस ने कहा है कि सलीम खान के सिक्योरिटी स्टाफ को एक पत्र मिला है, जिसमे अभिनेता सलमान खान और उनके पिता सलीम खान को जान से मारने की धमकी दी गई है। पत्र में लिखा है कि तेरा मुसेवाला कर दूंगा। 

बता दें कि पंजाब के मशहूर सिंगर सिंगर सिद्धू मुसेवाला की कुछ दिन पहले गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मुसेवाला की हत्या के तार तिहाड़ जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस विश्नोई से जोड़े जा रहे हैं। एक्टर सलमान खान को जान से मारने की धमकी लॉरेंस विश्नोई ने इसके पहले वर्ष 2018 में दी थी। धमकी भरा पत्र मिलने के बाद मुंबई पुलिस हरकत में आ गई है।

बांद्रा पुलिस ने सिक्योरिटी स्टाफ को जिस बेच पर ये पत्र मिला, उस जगह के आसपास के सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है। साथ ही कुछ स्थानीय लोगों से पूछताछ भी की जा रही है। सलमान खान के पिता सलीम खान अपने सिक्योरिटी स्टाफ के साथ रोजाना सुबह की सैर पर जाते हैं। सैर के रास्ते में ही एक बेंच है।  जिस बेंच पर सिक्योरिटी स्टाफ को ये धमकी भरा पत्र मिला। सिक्योरिटी स्टाफ ने तुरंत ये पत्र सलीम खान को दिया। इसके बाद इस सम्बन्ध में पुलिस में शिकायत की गई। पत्र में अभिनेता सलमान खान और उनके  पिता सलीम खान को गंभीर नतीजे भुगतने की धमकी दी गई है।