नई दिल्ली। देश के पांच राज्यों में हुए चुनाव के नतीजे आ रहे हैं। इसमें सबसे बड़ा उलटफेर तमिलनाडु में होता हुआ दिख रहा है। वहां अभिनय की दुनिया से राजनीति में आए विजय की पार्टी सरकार बनाती हुई नजर आ रही है। रूझानों में विजय की पार्टी तमिलगा वेट्री कड़गम (टीवीके) 234 में से करीब 110 सीटें जीतती हुई नजर आ रही है। इसे पहली बार चुनाव लड़ रही टीवीके का शानदार प्रदर्शन कहा जा सकता है।
तमिलनाडु में जब विजय की पार्टी टीवीके सरकार बनाने की ओर बढ़ रही है तो उनकी तुलना एमजीआर के नाम से मशहूर एमजी रामचंद्रन से की जाने लगी है। एमजीआर जब अपने चरम पर थे तो उनकी लोकप्रियता राजनीति के पारंपरिक तर्कों से आगे चली जाती थी। लोगों के बीच उनकी लोकप्रियता उनकी पहचान, लोगों से भावनात्मक जुड़ाव और फिल्मों के जरिए बनी उनकी 'लार्जर दैन लाइफ' इमेज से आगे की चीज हुआ करती थी। विजय का उभार भी उसी पैटर्न को दिखाता है। चुनाव प्रचार के दौरान विजय महिला और युवाओं के खासा लोकप्रिय नजर आए।
एक्टर विजय तमिलनाडु के साथ-साथ हिंदी भाषी इलाक़ों में भी बेहद लोकप्रिय हैं। पिछले साल सितंबर में उनका नाम एक बार फिर सुर्ख़ियों में तब आया था जब तमिलनाडु के करूर में उनकी पार्टी तमिलगा वेट्री कड़गम (टीवीके) की रैली के दौरान भगदड़ मच गई, जिसमें 39 लोगों की मौत हो गई थी। इस घटना पर विजय ने गहरा दुख और सदमा जताया। साथ ही मारे गए लोगों के लिए 20-20 लाख रुपये और घायलों के लिए दो-दो लाख रुपये की मदद की घोषणा की थी।