बेंगलुरु। कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) विधायक मुनिरत्न और उनके साथियों पर एक महिला ने गंभीर आरोप लगाए हैं। 40 वर्षीय एक महिला की ओर से दी गई शिकायत के बाद एफआईआर दर्ज की गई है। शिकायत में महिला ने सामूहिक बलात्कार, उस पर पेशाब करने और घातक वायरस का इंजेक्शन लगाने के आरोप लगाए हैं।

पुलिस ने बताया कि बीजेपी कार्यकर्ता की शिकायत पर यह FIR मंगलवार को आरएमसी यार्ड थाने में दर्ज की गई। खुद के बीजेपी कार्यकर्ता होने का दावा करने वाली महिला ने शिकायत में आरोप लगाया कि घटना 11 जून, 2023 को मथिकेरे में विधायक के कार्यालय में हुई। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि मुनिरत्न के साथी उसे कार में विधायक के कार्यालय ले गए। 

घटना में शामिल विधायक के तीन साथियों के नाम FIR में दर्ज किए गए हैं, जबकि चौथा आरोपी अज्ञात है। महिला ने आरोप लगाया कि कार्यालय पहुंचने के बाद विधायक ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर कथित तौर पर उसके कपड़े उतार दिए और जब उसने ऐसा नहीं करने की गुहार लगाई और रोकने की कोशिश तो बेटे को जान से मारने की धमकी भी दी।

FIR में कहा गया है कि इसके बाद मुनिरत्न ने कथित तौर पर दोनों व्यक्तियों को महिला से बलात्कार करने को कहा। महिला ने आरोप लगाया कि विधायक ने उसके चेहरे पर पेशाब भी किया और घटना के दौरान एक अज्ञात व्यक्ति कथित तौर पर कमरे में घुस आया और विधायक को एक सफेद डिब्बा दिया। महिला ने आरोप लगाया कि उसने डिब्बे से एक सिरिंज निकाली और इंजेक्शन लगा दिया।

एफआईआर के अनुसार, विधायक ने कथित तौर पर महिला को धमकी दी कि अगर उसने किसी को इस बारे में बताया, तो वह उसके परिवार को नहीं छोड़ेगा और उन्हें बर्बाद कर देगा। इसमें कहा गया है कि इस साल जनवरी में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया और कथित तौर पर उसे एक लाइलाज वायरस का पता चला। इसके बाद उसे संहेद हुआ कि ऐसा उस घटना की वजह से हुआ है।