नई दिल्ली। दिल्ली में आम आदमी पार्टी को एक बार फिर से बड़ा झटका लगा है। पार्टी के 15 पार्षदों ने इस्तीफा दे दिया है। बागी पार्षदों ने इंद्रप्रस्थ विकास पार्टी नाम से तीसरा मोर्चा बनाने की घोषणा भी कर दी है। मुकेश गोयल नए मोर्चे का नेतृत्व करेंगे।
मुकेश गोयल ने 15 पार्षदों के इस्तीफे की बात कही है। हालांकि प्रेस रिलीज में 13 पार्षदों के नाम हैं।इस्तीफा देने वाले अन्य पार्षदों में हेमचंद गोयल, हिमानी जैन, रुनाक्षी शर्मा, उषा शर्मा, अशोक पांडेय, राखी यादव, साहिब कुमार, राजेश कुमार लाडी, मनीषा, सुमन अनिल राणा, देविंदर कुमार और दिनेश भारद्वाज शामिल हैं।
पार्षदों ने एक प्रेस रिलीज में लिखा, 'हम सभी पार्षद MCD में साल 2022 में AAP की टिकट से चुने गए थे। हालांकि, 2022 में चुनाव जीतने के बावजूद पार्टी का शीर्ष नेतृत्व MCD को ठीक से नहीं चला पाया। बड़े नेताओं का पार्षदों से आपस में समन्वय न के बराबर रहा, जिसके कारण पार्टी विपक्ष में आ गई है। जनता से किए गए वादे को पूरा न कर पाने के कारण हम पार्षद पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे रहे हैं।'
बता दें कि दिल्ली में पिछले महीने 25 अप्रैल को मेयर और डिप्टी मेयर पद के लिए चुनाव हुए थे। AAP ने चुनाव का बहिष्कार किया था। भाजपा और कांग्रेस के बीच मुकाबला हुआ, जिसमें भाजपा उम्मीदवार राजा इकबाल सिंह ने 133 वोटों के साथ मेयर पद पर जीत हासिल की।
इसके अलावा भाजपा के पार्षद जय भगवान यादव डिप्टी मेयर चुने गए। कुल 142 वोट डाले गए थे। एक वोट अवैध घोषित कर दिया गया। कांग्रेस को महज 8 वोट मिले थे। चुनाव में भाजपा की जीत पहले ही तय थी क्योंकि उसके पास 117 और कांग्रेस के पास सिर्फ आठ पार्षद थे।