इंडियन आर्मी चीफ जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने पाकिस्तान को दो टूक चेतावनी दी है। उन्होंने साफ कहा कि पाकिस्तान ने अब कोई भूल की तो उसे मिटा देंगे। दिल्ली के मानेकशॉ सेंटर में आयोजित "यूनिफॉर्म अनवील्ड" कार्यक्रम में बोलते हुए जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने कहा कि अगर पाकिस्तान आतंकवादियों को पनाह देना और भारत के खिलाफ गतिविधियां जारी रखता है, तो उसे यह तय करना होगा कि वह भूगोल का हिस्सा बने रहना चाहता है या इतिहास का।

सेना संवाद कार्यक्रम में सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने कहा, 'किसी भी सैन्य अधिकारी के लिए सबसे बड़ी खुशी तब होती है, जब उसे उसके सैनिक स्वीकार करते हैं और उस पर उनका पूरा भरोसा होता है। जब कोई सैनिक किसी सफल ऑपरेशन के बाद आपको गले लगाता है, उस समय कोई पद या पदानुक्रम नहीं रहता, वह आपको अपना साथी मानता है। वह सबसे खास पल होता है।'

उन्होंने कहा कि एक सैनिक के पास हमेशा समय की कमी होती है, यूनिट में नहीं, बल्कि अपने परिवार के लिए। ऊंचाई वाले इलाकों में तैनात सैनिक अक्सर अपने घर की शादियों में शामिल नहीं हो पाते और कई बार अपने बच्चों के जन्म के वक्त भी मौजूद नहीं रह पाते। हम इसमें सुधार की दिशा में काम कर रहे हैं, लेकिन कई बार यह हमारे नियंत्रण से बाहर भी होता है।

बता दें कि ऑपरेशन सिंदूर की पहली वर्षगांठ पर भारतीय सेना ने कहा था कि ऑपरेशन सिंदूर ने यह साफ संदेश दिया कि पाकिस्तान में कोई भी आतंकवादी ठिकाना सुरक्षित नहीं है। यह अभियान अंत नहीं, बल्कि शुरुआत थी। भारत आतंकवाद के खिलाफ लड़ता रहेगा। जयपुर में 7 मई को प्रेस कॉन्फ्रेंस में सेना ने बताया, ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान के 100 से ज्यादा जवानों और टेररिस्ट कैंप में 100 से ज्यादा आतंकियों की मौत हुई है।